#MAHARASHTRA : संजय राउत को अस्पताल से मिली छुट्टी, निकलते ही दिया बड़ा बयान

#MAHARASHTRA #INDIA : शिवसेना के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत को बुधवार दोपहर लीलावती अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इसके बाद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से ही होगा। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत ठीक है और सभी के साथ बातचीत चल रही है। इससे पहले शिवसेना ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में दूसरी पार्टियों के सरकार गठन की मुश्किलों का भाजपा आनंद उठा रही है। वहीं, संजय राउत ने महाराष्ट्र में हाल तक अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और राकांपा के साथ सरकार गठन के उनकी पार्टी के प्रयासों के मद्देनजर मुश्किल राह का संकेत देते हुए बुधवार को तीन बार ‘अग्निपथ शब्द ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था कि अग्निपथ, अग्निपथ, अग्निपथ…।


गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की केन्द्र को भेजी उस रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि सभी प्रयासों के बावजूद वर्तमान हालात में राज्य में स्थिर सरकार का गठन संभव नहीं है। हालांकि उनके इस फैसले की गैर-भाजपा दलों ने खुलकर आलोचना की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.