#UP #INDIA : रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब अयोध्या के विकास की कार्ययोजना बनाई जा रही है। जिसके अंतर्गत सरयू नदी में क्रूज (पानी का छोटा जहाज) चलाना भी शामिल है। अयोध्या मंडल के सूचना उप निदेशक मुरलीधर सिंह ने विकास योजनाओं के बारे में बताया, ‘सबसे पहले अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का गठन किया जाएगा। सरयू नदी पर एक क्रूज चलाए जाने की योजना है। अयोध्या को तिरूपति जैसा शहर बनाने में कम से कम चार साल का समय लगेगा।’ सिंह ने बताया कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में कार्य होगा। अप्रैल 2020 में राम नवमी पर पहली उड़ान भरी जा सकेगी।

अयोध्या में रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जाएगा जिसमें 100 करोड़ रूपए का खर्च आएगा।उन्होंने बताया कि अयोध्या से फैजाबाद के बीच 5 किलोमीटर का फ्लाईओवर बनेगा। सरयू नदी के किनारे भगवान राम की 251 मीटर की विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति बनेगी। दिसंबर से 5 पांच सितारा होटल का काम भी शुरू हो जायेगा । दिसम्बर में 10 बड़े रिजार्ट के निर्माण का काम भी शुरू होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए अभी तक 65 प्रतिशत पत्थर तराशे जा चुके हैं और अगर 2000 कारीगर एक दिन में 8 घंटे काम करते हैं तो ढाई वर्ष में मंदिर बन कर तैयार हो जाएगा।

