#BIHAR : तीन फीसदी तक महंगी हो सकती है बिजली दर, जानें..

#BIHAR #INDIA : बिहार में बिजली दर अधिकतम तीन फीसदी तक महंगी हो सकती है। शुक्रवार को बिजली वितरण कंपनियों ने अधिकतम तीन फीसदी दर बढ़ाने का प्रस्ताव बिहार विद्युत विनियामक आयोग को दिया। इस प्रस्ताव पर अब आयोग आम लोगों से राय और कंपनी के आय-व्यय का हिसाब करने के बाद मार्च तक अपना फैसला सुनाएगा। नई दर 1 अप्रैल 2020 से लागू होगी। बीते वर्ष बिहार में बिजली दर में कोई वृद्धि नहीं हुई थी।

बिजली कंपनियां हर साल 15 नवंबर तक नए वित्तीय वर्ष में लागू होने वाली बिजली दर का प्रस्ताव आयोग को सौंपती रही हैं। आयोग के समक्ष अलग-अलग कंपनियों की ओर से टैरिफ याचिका दायर की गई है। ट्रांसमिशन के लिए बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लि., बिहार ग्रिड कंपनी लि. और स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर ने याचिका दायर की है। आम उपभोक्ताओं से जुड़ी बिजली दर तय करने के लिए नॉर्थ व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लि. ने अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं।

याचिका में खास

पिछले कई वर्षों की तर्ज पर इस बार भी कंपनियों ने दर बढ़ाने का प्रस्ताव अनुदान रहित दिया है। आयोग के निर्णय के बाद राज्य सरकार लोगों को सस्ती बिजली देने के लिए अनुदान की घोषणा करती है। याचिका में 2018-19 में हुए वास्तविक खर्च व आमदनी के साथ ही विनियामक आयोग की ओर से बीते वर्ष दी गई खर्च की मंजूरी का ब्योरा दिया गया है। वहीं, मौजूदा वित्तीय वर्ष 2019-20 में बिजली कंपनी की संभावित आमदनी और खर्च का ब्योरा दिया गया है। कंपनी ने आगामी वित्तीय वर्ष 2020-21 में होने वाले खर्च का आकलन करते हुए आयोग से पैसा खर्च करने की अनुमति मांगी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.