
PATNA : पटना में ट्रेनी महिला पुलिस की बीमारी से हुई मौत के विरोध में हुआ बवाल थम नहीं रहा है. नवीन पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) में बवाल करने के बाद ट्रेनी पुलिसकर्मी सड़क पर निकल आए. उनका गुस्सा सीनियर पुलिसकर्मियों के खिलाफ है. लाठी-डंडे से लैस पुलिसकर्मी का तोड़फोड़ जारी है. सार्जेंट मेजर सह डीएसपी मसलाउद्दीन को ट्रेनियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इतना ही नहीं, यह भी कहा जा रहा है कि सिटी एसपी अमरकेश डी को भी जवानों ने नहीं छोड़ा. ग्रामीण एसपी भी ट्रेनी पुलिसकर्मियों के हत्थे चढ़ गये थे.
हालांकि स्थिति की गंभीरता को देख एसएसपी मनु महाराज भी मौके पर पहुंच गये हैं. प्रदर्शनकारियों के पथराव व गुस्से को देखते हुए उन्होंने हेलमेट पहन लिये हैं. वे पुलिस बल के साथ उपद्रवियों को कंट्रोल करने में जुट गये हैं. वैसे लोगों का आरोप है कि जितनी बड़ी वारदात व हंगामा हुआ है, ऐसे में एसएसपी मनु महाराज को और पहले पहुंचना चाहिए था.

शुक्रवार को उस समय अचानक हंगामा मच गया, जब उदयन अस्पताल में ट्रेनी महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गयी. कहा जा रहा है कि उसे डेंगू हो गया था. उनके सहकर्मियों का आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी अपने इलाज के लिए छुट्टी मांग रही थी. लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी जा रही थी. आज उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
अपनी महिला साथी की मौत की खबर सुनकर ट्रेनी पुलिसकर्मियों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और वे लोग भूल गये कि उन पर सुरक्षा की बड़ी जिम्मेवारी है. इसे भूलते हुए वे अपने सीनियर अधिकारियों पर हाथ ही नहीं छोड़ा, बल्कि सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया. हालात तब और बिगड़ गये, जब ट्रेनी पुलिसकर्मी पब्लिक पर भी पथराव करने लगे.

इसके बाद तो स्थानीय लोग भी विरोध में उतर गये. पथराव के जवाब में स्थानीय लोग भी ईंट—पत्थर बरसाने लगे. भयावह स्थिति को देखते हुए एसएसपी मनु महाराज भी पहुंच गये हैं. हालांकि कहा जा रहा है कि पुलिस लाइन के अंदर से हो रहे पथराव को देखते हुए अंदर नहीं जा पा रहे हैं. पथराव से बचने के लिए एसएसपी मनु महाराज ने हेलमेट पहन लिये हैं. बहरहाल, पुलिस लाइन का इलाका रणक्षेत्र में बदल गया है. इसमें सीनियर अधिकारियों के अलावा मीडियाकर्मी को भी पीटा गया है.