#UP #INDIA : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बस्ती के करीब तीस हजार गन्ना उत्पादक किसानों को बड़ी सौगात देनें जा रहे हैं। सीएम योगी कल बस्ती में मुंडेरवा चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ करेंगे। संभागीय विख्यापन अधिकारी डॉ. बीके गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना उत्पादक किसानों की समस्या के समाधान के लिए मुंडेरवा मिल को चालू करवाने का निर्णय लिया है। मिल की क्षमता प्रतिदिन पांच हजार टन गन्ना पेराई की है। इसे साढ़े सात हजार टन तक बढ़ाया जा सकता है।

चीनी मिल में 27 मेगावाट क्षमता का बिजली उत्पादन संयंत्र का निर्माण भी पूर्ण होने वाला है। पेराई सत्र 2019-20 में मुंडेरवा चीनी मिल में लगभग 60 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का अनुमान है, इससे लगभग सवा छह लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन होगा। इस परियोजना से करीब साढ़े आठ हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा। मिल को जेनरेशन प्लांट से बिजली उत्पादन होगा, जिससे मिल को लगभग तीस करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।

अयोध्या फैसला के आईने में मुख्यमंत्री की सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। एसएसबी को भी लगाया जा रहा है। मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का सांसद हरीश द्विवेदी, आयुक्त अनिल कुमार सागर, आईजी रेंज आशुतोष कुमार, डीएम आशुतोष निरंजन, एसपी हेमराज मीणा, सीडीओ अरविनद कुमार पांडेय व एडीएम रमेशचंद्र ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
