हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म चेहरे की हीरोइन बनने के लिए चल रहे कंपटीशन में छोटे परदे की मशहूर अदाकारा क्रिस्टल डिसूजा ने बाजी मार ली है।
इस फिल्म में पहले कृति खरबंदा को हीरोइन के तौर पर लिया गया था, लेकिन फिल्म की शूटिंग के लिए तारीखों का इंतजाम न हो पाने के चलते कृति ने ये फिल्म छोड़ दी है।

इस रोल को पाने के लिए छोटे परदे से सिनेमा में आईं मौनी रॉय और अंकिता लोखंडे जैसी अभिनेत्रियां फिल्म चेहरे के निर्माता और मुंबई के मशहूर बिल्डर आनंद पंडित के संपर्क में रही हैं। लेकिन, फिल्म के निर्देशक, निर्माता और कलाकारों की जिस एक नाम पर आम सहमति बनी, वो हैं टीवी अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा।
क्रिस्टल ने इस खबर का खुलासा खुद अपने इंस्टाग्राम पेज पर फिल्म के एक गाने की शूटिंग का क्लैप बोर्ड के साथ फोटो जारी करके कर दिया।
