#UP #INDIA : विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना अफसरों की लापरवाही देख आगबबूला हो उठे। मंत्री जी ने जाजमऊ गंगा पुल और हाईवे की खस्ता हालत पर एनएचएआई अफसर को मुर्गा बनाकर पीठ पर ईंट लादने की चेतावनी दे दी। बैठक में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश सिंह भी शामिल हुए। सतीश महाना ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने ही डेंगू के मुद्दे पर सीएमओ की भी क्लास लगा दी। उन्होंने सीएमओ से साफ कहा कि वह अपना ट्रांसफर करा लें, वरना निलम्बित करा दूंगा। बैठक में जाजमऊ गंगा पुल, हाईवे और डेंगू मुख्य मुद्दा रहे। बैठक शुरू होते ही महाना ने एनएचएआई इंजीनियर/प्रोजेक्ट मैनेजर संजय आनंद से पूछताछ शुरू कर दी। उनका गुस्सा सातवें आसमान पर था।

उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से पूछा, क्या आने हाईवे का हाल देखा है? टोल प्लाजा पर रुपए तो पूरे वसूले जा रहे हैं। जरा हालत पर भी गौर कर लें। फिर सवाल किया, जाजमऊ गंगा पुल की हालत देखी है? शहर में घुसते ही लोगों को समझ आ जाता है कि यह शहर कैसा होगा। लोग आपको नहीं जानते, मगर मुझे जानते हैं। इसके बाद मंत्री बोले, मन करता है मुर्गा बनाकर पीठ पर दो ईंट लाद दूं। जब पुल गिर जाएगा, तब होश आएगा। यदि काम करने का मन न हो तो अपना ट्रांसफर करा लो। एनएचएआई की लापरवाही पर बैठक में मौजूद डीएम भी भड़क उठे। उन्होंने कहा कि आपको पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है कि पुल की हालत खराब है। इसके बावजूद आपकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। 
