‘सत्यमेव जयते’ और ‘मरजावां’ के निर्देशन के बाद मिलाप झावेरी अपनी निर्देशित पांचवी फिल्म के साथ दस्तक देने के लिए तैयार हैं। 15 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘मरजावां’ को मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है। बीते दिनों फिल्म की सक्सेस पार्टी के बाद अब मिलाप अपनी अगली फिल्म ‘सत्यमेव जयते 2’ में व्यस्त हो चुके हैं। फिल्म में जॉन अब्राहम और दिव्या खोसला कुमार मुख्य किरदार में हैं। यह एक कॉप ड्रामा फिल्म है जिसमें जबर्दस्त एक्शन होने की बात कही जा रही है। अब फिल्म के एक्शन और अहम जानकारी से जुड़ा मिलाप का एक बयान सामने आया है।

मिलाप ने बताया कि परिवार संग दुबई में छुट्टियों का आनंद उठाने के बाद वह अपनी अगली फिल्म ‘सत्यमेव जयते 2’ पर काम शुरू कर चुके हैं। उन्होंने बताया, ‘फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार है और एक्शन डिजाइन और संगीत पर काम चल रहा है। अगले साल मार्च-अप्रैल से हम फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2020 को गांधी जयंती के मौके पर रिलीज होगी।’

फिल्म में मिलाप, जॉन से कुछ अलग और असल एक्शन सीन्स करवाने का मन बना रहे हैं। इस बारे में उन्होंने बताया, ‘स्तर के अनुसार यह पहली फिल्म के मुकाबले कहीं बड़ी होगी। इस बार जॉन टॉयर के मुकाबले और भी बड़ी चीज तोड़ते-फोड़ते नजर आएंगे। मेरी पहली चुनौती यह देखने की रही कि पहली पार्ट में टायर फाड़ने के बाद अब जॉन और क्या चीजें फाड़ या तोड़ सकते हैं।