#PATNA : फ’र्जी तरीके से नामांकन लेकर दिलाई वोकेशनल की परीक्षा

#PATNA #BIHAR #INDIA : पाटलिपुत्र विवि के एक कॉलेज में वोकेशनल कोर्स में दाखिला लेकर फर्जी तरीके से परीक्षा दिलवाने का मामले का खुलासा हुआ है। निजी कॉलेजों की मिलीभगत से ऐसे दर्जनों छात्रों का नामांकन रामलखन सिंह यादव कॉलेज बख्तियारपुर में कराया गया और बाद में उनकी परीक्षा भी ली गई। चूकि सत्र 2018-20 के वोकेशनल कोर्स के लिए पाटलिपुत्र विवि से इन निजी कॉलेजों को संबद्धता नहीं दी गई थी लेकिन निजी कॉलेजों ने बिना संबद्धता के ही कई कोर्सों में छात्रों का दाखिला ले लिया था।

बाद में जब रजिस्ट्रेशन को लेकर मामला फंसा तो छात्रों का आनन फानन में इसी साल रामलखन सिंह यादव कॉलेज बख्तियारपुर में परीक्षा के कुछ दिन पहले दाखिला देकर परीक्षा दिलवाई गई। मामले को इतनी साफगोई से निबटाया गया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। बाद में सरकार की ओर से आए एक पत्र के बाद जब इसकी जांच की गई तो फर्जी तरीके से नामांकन का मामला प्रकाश में आ गया।

जांच रिपोर्ट में हो चुकी है फर्जी नामांकन की पुष्टि
इधर बिना मान्यता के वोकेशनल कोर्स में नामांकन की बात सामने आने पर शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए। पाटलिपुत्र विवि में इस बाबत आनन फानन में जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी की जांच में यह बात भी सामने आई है कि दर्जनों छात्रों का अंतिम समय में रामलखन सिंह यादव कॉलेज बख्तियारपुर में दाखिला दिया गया। इन छात्रों का आनन फानन में विवि से पंजीकरण भी कराया गया और विवि की ओर से आयोजित परीक्षा में बैठने की इन्हें अनुमति भी दे दी गई।

प्राचार्य को दिया गया अतिरिक्त प्रभार
आश्चर्य की बात यह है कि बिना संबद्धता व कोर्स की मान्यता के दाखिला लेने वाले निजी कॉलेजों पर किसी तरह की कार्रवाई की गई और न फर्जी तरीके से नामांकन लेने वाले रामलखन सिंह यादव कॉलेज बख्तियारपुर कॉलेज प्रशासन पर ही कोई कार्रवाई की गई है। बात यह भी सामने आ रही है कि कई छात्रों के फर्जी नामांकन के कुछ ही दिनों में बाद रामलखन सिंह यादव कॉलेज बख्तियारपुर के प्राचार्य को दानापुर के एक कॉलेज का प्रभारी बना दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.