#PATNA : सरकारी शौचालयों से हटेगा गांधी जी के चश्मे वाला लोगो

#BIHAR #INDIA : सरकारी शौचालयों और कूड़ेदानों पर अब राष्ट्रपिता की तस्वीर और उनके चश्मे वाला लोगो नजर नहीं आएगा। नए शौचालयों पर इसका प्रयोग नहीं होगा। वहीं जिन शौचालयों पर यह लग गया है, उन्हें हटवाया जाएगा। गृह विभाग ने यह निर्देश नगर विकास एवं आवास विभाग और पंचायती राज विभाग को भेजा है। इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी के पत्र और वहां के हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेशों का हवाला दिया गया है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए इसे महात्मा गांधी के स्वच्छता प्रेम से जोड़ दिया। गांधी के ऐनक वाले लोगो को अभियान के प्रचार-प्रसार में केंद्र और सभी राज्य तबसे प्रयोग करने लगे। ऐसे में बिहार सहित अन्य राज्यों में बने शौचालयों के साथ ही सभी सार्वजनिक स्थानों पर रखे कूड़ेदान, ट्रेनों में लगे डस्टबिन पर इस का इस्तेमाल किया जाता रहा है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री व विधायक बदरुद्दीन कुरैशी ने बिलासपुर स्थित हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में हाईकोर्ट ने शौचालयों की दीवारों, कूड़ेदान सहित अन्य गंदगी वाले स्थानों से बापू की तस्वीर और उनके चश्मे वाले लोगो को हटाने के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.