पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गंगा के छठ घाटों का निरीक्षण किया। शनिवार सुबह वह नासरीगंज के घाट से स्टीमर पर सवार हुए। इसके बाद सीएम ने पटना सिटी तक के सभी घाटों का मुआयना किया। इस दौरान वह पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देते रहे। सीएम के साथ पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव और ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
गंगा घाटों के संपर्क पथ होंगे दुरुस्त
घाटों के पहुंच पथ में जहां भी बैरिकेडिंग की आवश्यकता है, वहां दीपावली के पहले पूरा कराने के लिए सभी सेक्टर पदाधिकारियों को डीएम कुमार रवि ने निर्देश दिया है। गंगा नदी में बैरिकेडिंग के समय जलस्तर की मापी करने और बल्ले से मजबूत और सुरक्षित बैरिकेडिंग कराने को कहा है।
रिवर फ्रंट के पास गंगा घाटों की हो चुकी सफाई, अब सिर्फ बैरिकेडिंग करना बाकी
रिवर फ्रंट के किनारे गंगा घाटों की सफाई पूरी हो चुकी है। सिर्फ ऊपरी फ्लोर की सफाई जारी है। लाइट और साज-सज्जा का इंस्टॉलेशन अंतिम दौर में है।
इसबार घाटों पर गंगा किनारे पुराने इतिहास भी बताने की तैयारी है। गांधी घाट से कृष्णा घाट, काली मंदिर घाट होते हुए कलेक्ट्रेट तक घाट तैयार हैं। हालांकि, कुछ स्थानों पर नालियों के प्रवाह के कारण पानी बेहद गंदा है। वहीं कपड़ों की धुलाई भी जारी है। नगर निगम और बुडको की टीम अबतक रिवर फ्रंट के सभी घाटों को तैयार कर चुका है। अब बेहद कम कार्य बचा है।
कलेक्ट्रेट से गायघाट तक पांच किलोमीटर गंगा रिवर फ्रंट तैयार किया गया है। इसमें 119.5 मीटर लंबाई के साथ कृष्णा घाट सबसे लंबा है। घाट पर इसके इतिहास की जानकारी भी इस बार मिलेगी। बुडको ने हर घाट के इतिहास की जानकारी के लिए बोर्ड लगाया है। कृष्णा घाट के बारे में बताया गया है कि अफजलपुर मोहल्ले का हिस्सा होने के कारण नदी के किनारे का बाजार बादशाहीगंज गांधी घाट तक फैला हुआ था।
इसी स्थान पर मेजर कार्नेक की अगुवाई वाली अंग्रेज सेना और सुजा-उद-दौलाह व मीर-कासिम-शाह आलम द्वितीय की फौज के बीच 3 मई 1764 को पटना संग्राम हुआ था। यहीं पास में पटना विश्वविद्यालय परिसर स्थित है।
लाइफ गार्ड नदी किनारे हो रही पूजा पर रखेंगे नजर
घाटों पर 20 फीट की ऊंचाई पर स्थायी लाइफ गार्ड रूम बनाए गए हैं। यहां शीशे के कमरे से गंगा नदी किनारे हो रही पूजा पर पूर्ण नजर रखी जा सकती है। साथ ही कैमरे की नजर भी यहीं से होगी।
मेडिकल टीम से लेकर शौचालय तक की व्यवस्था रिवर फ्रंट पर ही मिल जाएगी। नदी के किनारे अब सिर्फ बैरिकेडिंग का कार्य बचा हुआ है। देर रात आठ बजे के बाद जेट्टी के माध्यम से पानी के अंदर गंदगी की सफाई चल रही है। निगम द्वारा बनाए गए गंगा प्रमंडल की टीम इसकी मॉनिटरिंग कर रही है। हालांकि, गंदगी फैलाने वालों पर दिन में रोक नहीं लगाई जा रही है।