बॉलीवुड डेस्क. रॉनी स्क्रूवाला अपने बैनर से कई ऑफबीट फिल्में प्रोड्यूस कर रहे हैं, उनमें से एक पीहू भी है। मां की मौत के बाद 2 साल की छोटी बच्ची अपने घर में अकेले क्या कर पाती है, यह उस पर बेस्ड है। रॉनी स्क्रूवाला फिल्म बनने के कई साल बाद बोर्ड पर आए। वे इसकी रिलीज के लिए 800 स्क्रीन काउंट संतोषजनक मान रहे हैं।
सुनील दत्त की यादें से मिली प्रेरणा : वे कहते हैं- यह 100 मिनट की लेंथ वाली फिल्म है। इसमें 2 साल की बच्ची मेन लीड है। मुझे जहां तक याद है, सोलो एक्ट वाली इससे पहले सुनील दत्त की ‘यादें’ आई थी। इसे मैंने सिद्धार्थ के साथ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल यानी इफ्फी में देखा था। वहीं हम दोनों ने तय कर लिया था कि इसे प्रोड्यूस करना है।
आखिर में होगा खुलासा : रॉनी कहते हैं- यह ऐसी फिल्म है, जिसे देखते हुए ऊपरी तौर पर हमें लगेगा कि दो साल की बच्ची है। उसके साथ तो यही होना है। पर आखिर में जब कहानी कनक्लूड होती है तो वह देखकर दर्शक आश्चर्यचकित हो जाएंगे। फिल्म में मां की मौत के साथ-साथ आज की तारीख में कम्युनिकेशन की मींस के चलते फैमिलीज और बाकी रिश्ते कैसे प्रभावित हो रहे हैं, उसका भी अहम सब प्लॉट है।
एज ऑफ थ्रिलर के लिए सही स्क्रीन्स : रोनी का मानना है – इसकी एक दिलचस्प बात है यह एज ऑफ द थ्रिलर है। साथ ही यह फैमिली ड्रामा भी है। इसे हम ग्रिपिंग ड्रामा जॉनर भी नाम दे सकते हैं। ऐसी फिल्मों के लिए 800 स्क्रीन काउंट सही होते हैं। मैं फिल्मों की रिलीज को लेकर हमेशा से रियलस्टिक रहा हूं। कभी भी ईगो का विषय नहीं बनाया और जज्बाती होकर फिल्मों की रिलीज बेतहाशा स्क्रीनों पर नहीं की।
पसंद आने पर निर्भर करेगा : ट्रेलर ने बहुत कम दिनों में पांच मिलियन व्यूज क्रॉस कर लिए। पर उसका यह कतई मतलब नहीं है कि हम स्क्रीन काउंट को डबल कर दें। हमारी स्ट्रेटेजी इस फिल्म के लिए कम स्क्रीन काउंट पर रिलीज करने की है। ताकि अगर लोगों को फिल्म पसंद आए तो आगे के हफ्तों में हम स्क्रीन काउंट बढ़ा दें।