#JHARKHAND : विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग आज

#JHARKHAND #INDIA : विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 20 विधानसभा सीटों में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत दर्जन भर नेताओं की किस्मत का फैसला होना है। 47 लाख 52 हजार मतदाता ईवीएम की बटन दबाकर अगले पांच साल के लिए अपने क्षेत्र और राज्य की तकदीर लिखने वाले हैं। 20 विधानसभा सीटों में 13 कोल्हान की और सात सीटें छोटानागपुर की हैं। इनमें 231 पुरुष और 29 महिला प्रत्याशी हैं। भाजपा और झामुमो-कांग्रेस के बीच छिड़ी आर-पार की लड़ाई में कई दिग्गज नेताओं की सांसें अटकी हुई है। दूसरे चरण की इस जंग को जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक ने चुनावी सभाएं की। हेमंत सोरेन, रामेश्वर उरांव और सुदेश महतो जैसे क्षत्रपों ने भी धुआंधार प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी।

2014 में किसने जीती कितनी सीट
दूसरे चरण के चुनाव वाली 20 विधानसभा सीटों में आठ पर भाजपा ने 2014 में कब्जा जमाया था। आठ झामुमो के हिस्से गईं। तोरपा और जुगसलाई आजसू के खाते में गई थी। कोलेबिरा सीट से झापा की जीत हुई थी। जगरनाथपुर से निर्दलीय गीता कोड़ा जीतकर गईं थी। चुनाव से ऐन पहले बहरागोड़ा के झामुमो विधायक कुणाल षाड़ंगी को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया। कोलेबिरा में उपचुनाव जीतने और जगरनाथपुर निर्दलीय विधायक को अपनी पार्टी के टिकट पर लोकसभा भेजकर कांग्रेस दो सीट पर काबिज हो चुकी है। इसी तरह झामुमो ने तमाड़ के आजसू विधायक विकास मुंडा को अपने साथ कर लिया है। जाहिर है जंग बराबरी की है और किसी की भी फतह इसे समग्र परिणाम की बढ़त दिलाने में कामयाब होगी।


Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.