#UP #INDIA : यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Expressway Industrial Development Authority) ने ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) पर टोल रेट बढ़ाने का फैसला लिया है। मौजूदा टोल दरों में 10 से 20 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की जा सकती है। इसके लिए आने वाली बोर्ड बैठक में विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्ताव दिया जाएगा। इससे प्रत्येक वाहन को करीब 33 रुपये अतिरिक्त टोल टैक्स चुकाना पड़ेगा।

यमुना एक्सप्रेस वे पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच का आदेश दिया था। जिसके बाद आईआईटी दिल्ली ने यमुना एक्सप्रेस वे का सर्वे किया और सुरक्षा उपाय बढ़ाने के लिए कुछ सुझाव दिए। इन सुझावों पर काम करने के लिए करीब 294 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

यमुना एक्सप्रेस वे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक के खिलाफ बैंक दिवालिया प्रक्रिया के तहत कार्यवाही चल रही है। लिहाजा, जेपी इंफ्राटेक इन सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए यह धनराशि खर्च नहीं कर सकती है। ऐसे में विकास प्राधिकरण ने अपने स्तर पर यह सुरक्षा उपाय करने का निर्णय लिया है। यह धनराशि यात्रियों से ही वसूल की जाएगी। इसके लिए आगामी बोर्ड बैठक में टोल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि अगर इसी महीने बोर्ड बैठक होती है तो 1 जनवरी 2020 से टोल रेट लागू किए जा सकते हैं। इसमें बड़ी बात यह है कि यह टोल दरें स्थाई नहीं होंगी। 294 करोड़ रुपये वसूलने के बाद यह टोल दरें वापस ले ली जाएंगी।
