#BIHAR #INDIA : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) के तहत 2024 तक पटना के 1. 75 लाख घरों में पीएनजी व 2. 20 लाख गाड़ियों को सीएनजी उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। उप मुख्यमंत्री गुरुवार को गेल के आलाधिकारियों के साथ पटना में पाइप लाइन से घरों में नेचुरल गैस (पीएनजी) व वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा पाइपलाइन परियोजना के तहत दिसम्बर, 2020 तक फुलपुर-हल्दिया पाइप लाइन के अन्तर्गत 1,764 करोड़ की लागत से बिहार के नौ जिलों के 439 गांवों से होकर 436 किलो मीटर जबकि बरौनी-गुवाहाटी पाइप लाइन के अन्तर्गत राज्य के छह जिलों के 197 गांवों से होकर 278 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य दिसम्बर 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य है। पटना में गेल जबकि अन्य जिलों में तीन अन्य कम्पनियां आईओसी, थिंक गैस व इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड काम कर रही है।

पटना के 9,110 घरों में पाइप लाइन से पीएनजी कनेक्शन दे दिया गया है। मार्च तक 6 हजार और घरों में कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जायेगा। पटना में नौबतपुर के साथ राजधानी के रूकुनपुरा, कुम्हरार व टॉल प्लाजा, फतुहा में सीएनजी की आपूर्ति शुरू कर दी गयी है। अगले साल मार्च तक तीन और स्थानों सगुना मोड़, रामजयपाल नगर, व दानापुर-दीघा रोड में सीएनजी मिलना प्रारंभ हो जायेगा। बैठक में गेल के कार्यकारी निदेशक के बी सिंह, जीएम आलोक कुमार व पटना परिक्षेत्र के जीएम रजनीश गोयल उपस्थित थे।
