#PATNA : मौसम ने लिया करवट, राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबादी और हल्की बारिश

#BIHAR #INDIA : शुक्रवार को मौसम करवट लेगा। पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबादी और हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी जारी की है। बारिश के बाद शनिवार से तापमान गिरेगा, ठंड बढ़ेगी। ईरान व अफगानिस्तान में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन (पश्चिमी विक्षोभ) शुक्रवार को बिहार के ऊपर से होकर गुजरेगा। यह उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम से बिहार में प्रवेश करेगा।

इससे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज और बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, जहानाबाद, औरंगाबाद अधिक प्रभावित होगा। इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना अधिक है। इसके अलावा उत्तर- मध्य बिहार के जिले सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर और दक्षिण-मध्य के जिले पटना, बेगूसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया भी प्रभावित होंगे। इन जिलों में छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी होगी।

दिन में पछुआ से गिरा अधिकतम पारा
गुरुवार को दिन में 18 से 19 किलोमीटर की रफ्तार से पटना में हवा चली। इसके अलावा दिनभर बादल छाये रहे। इससे दिन का तापमान गिरा। यही स्थिति बिहार के अन्य हिस्सों में भी रही। पश्चिम से आने वाली हवा अपने साथ ठंड लेकर आ रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में बर्फबारी और पंजाब के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के कारण उधर से आने वाली हवा में नमी की मात्रा भी अधिक है। इससे भी ठंड बढ़ने लगी है। बिहार में बारिश के बाद शनिवार से इसमें और इजाफा होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.