#UP #INDIA : गाजियाबाद शहर के बड़े पार्क बुजुर्गों और बच्चों के लिए तैयार होंगे। पार्कों में लाईब्रेरी, बैठने के लिए कमरा, शौचायल बनवाए जाएंगे। बच्चों के खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। यह प्रस्ताव शुक्रवार को नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में पास हो गया। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास हुए।
महापौर आशा शर्मा की अध्यक्षता में निगम सभागार में कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई। सबसे पहले पुनरीक्षित बजट पर चर्चा की गई। इसके बाद शहर के विकास कार्यों पर मंथन शुरू हुआ। भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने सबसे पहले पार्कों की खराब हालत पर विरोध जताया।

उन्होंने कहा कि शहर में नगर निगम के छोटे-बड़े 1200 पार्क हैं। अधिकतर की हालत खराब हैं। बुजुर्गों और बच्चों के लिए खास इंतजाम नहीं है। महापौर आशा शर्मा ने भी पार्कों की खराब हालत पर चिंता जताई। इस पर नगर आयुक्त दिनेश चंद्र ने कहा कि शहर के सभी बड़े पार्कों को बुजुर्ग और बच्चों के लिए तैयार कराया जाएगा। बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए पार्कों में एक बैठकनुमा कमरा तैयार कराया जाएगा। उसमें कई कुर्सियां या बैंच लगवाई जाएगी।

अखबार और किताबें पढ़ने के लिए छोटी लाईब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। महिला और पुरुष शौचालय का अलग-अलग निर्माण होगा। पार्कों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। सुबह और शाम पार्कों में टहलने के लिए बुजुर्गों की खासी भीड़ रहती है। पार्कों में सुविधाएं नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों को खासी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी तरह बच्चों के खेलने का इंजाम कराया जाएगा।