केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड जल्द ही टाइम टेबल जारी करेगा। बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि 15 फरवरी से व्यावसायिक विषयों की परीक्षा होगी। मुख्य विषयों की परीक्षाएं फरवरी अंत या मार्च पहले सप्ताह से शुरू होगी। एक महीने में परीक्षा करा लेंगे और एक महीने में ही परिणाम घोषित होगा। इस प्रकार से अप्रैल अंत तक बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित हो जाएंगे।

महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में हिस्सा लेने आए सीबीएसई के सचिव ने कहा कि पिछले सालों की तुलना में इस बार जल्दी परिणाम देने की तैयारी है। एक सवाल के जवाब में कहा कि नई शिक्षा नीति में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में बदलाव का प्रस्ताव है। सारा जोर अनुभव आधारित शिक्षा को लेकर है। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने की भी बात है। विदेशों में देखा जाता है कि स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद ही 60 प्रतिशत लोग रोजगार से जुड़ जाते हैं।

