पूर्वी चंपारण का पीपराकोठी किसानों के लिए तीर्थस्थल के समान

मुजफ्फरपुर । पूर्वी चंपारण का इलाका बीते चार साल में उन्नत खेती, बागवानी, कृषि में शोध एवं पढ़ाई का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। यहां के पीपराकोठी में राष्ट्रीय स्तर के आधा दर्जन संस्थानों की स्थापना की गई है। अन्य जिले के किसान भी यहां पहुंच रहे। एक साथ कई केंद्र होने से किसानों के लिए यह तीर्थस्थल बन गया है। किसानों को समृद्ध करने के लिए आजादी के बाद पहली बार इस तरह की पहल हाल के वर्षों में हुई है। इसके लिए जिला मुख्यालय से सटे पीपराकोठी को चुना गया है। यहां वर्ष 2008 से संचालित कृषि विज्ञान केंद्र संसाधन के साथ भवन की समस्या से जूझ रहा था।

वीरान पड़ा यह स्थल 2014 के बाद राष्ट्रीय फलक पर आया। यहां देश स्तर का महात्मा गांधी राष्ट्रीय समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान की स्थापना की गई है। पं. दीनदयाल उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय की स्थापना कर युवाओं को कृषि से जोडऩे की दिशा में काम चल रहा। इसके अलावा नेशनल डेयरी रिसर्च संस्थान करनाल से संपोषित कृषि एवं डेयरी विकास केंद्र की शुरुआत हुई। हाइटेक बंबू नर्सरी व ट्रीटमेंट एवं प्रशिक्षण संस्थान के अलावा हाइटेक पौधशाला और क्षेत्रीय बीज बिक्री केंद्र की भी स्थापना की गई है।

जिले व सूबे के लिए आदर्श स्थल

इस स्थल से खेती को बेहतर करने के साथ नई पीढ़ी को कृषि की तरफ जोडऩे का प्रयास हो रहा। वानिकी व पशुपालन का प्रशिक्षण देने की भी व्यवस्था की गई है। दुधारू पशुओं की नस्ल सुधारने और पशुपालकों को समृद्ध बनाने के लिए उच्च स्तरीय सीमेन की व्यवस्था है। किसानों को यहां स्थित पौधशाला से पौधे भी उपलब्ध कराए जाते हैं।

भवन व ऑडिटोरियम का हो रहा निर्माण

कृषि विज्ञान केंद्र व महात्मा गांधी राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान में अलग-अलग ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा। उच्च तकनीक से सुसज्जित इस भवन में किसानों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था होगी। यहां सूबे के अलावा देश के अन्य स्थानों के किसान कृषि व नई तकनीक का प्रशिक्षण ले सकेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक केके झा की मानें तो यह स्थल पूर्व में उपेक्षित था। हाल के वर्षों में विभिन्न संस्थानों की स्थापना से किसानों को लाभ मिलने लगा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.