#PATNA #BIHAR #INDIA : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू प्रसाद पर आ’रोप लगाया है कि उनकी पूरी राजनीति लोहिया-जेपी और वंचित समुदायों से विश्वासघात का पोस्टर है। इसलिए दूसरों को विश्वासघाती कहने से पहले लालू प्रसाद को बताना चाहिये कि लोहिया के गैर कांग्रेसवाद को धोखा देकर वे सोनिया गांधी के पैर पर क्यों गिर गए।

मंगलवार को ट्वीट कर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले लालू प्रसाद जब सत्ता में आए तो दलितों-पिछड़ों से विश्वासघात कर इन वर्गों को रिजर्वेशन दिये बिना राज्य में पंचायत चुनाव क्यों कराए। नागरिकता कानून का विरोध करने वालों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एक संविधान सम्मत कानून का स्वागत करने के बजाय छात्रों को गुमराह कर हिंसा फैलायी जा रही है। राजद, कांग्रेस और वामपंथी दलों के लोग बतायें कि नागरिकता कानून में क्या किसी की नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान है। जो सिद्धांत की राजनीति में पराजित होते हैं, वे जाति-धर्म के नाम पर गुमराह कर हिंसा भड़काते हैं।

एक अन्य ट्वीट में कहा कि धर्म के आधार पर तीन पड़ोसी देशों में जब लाखों लोगों को प्रताड़ित किया जाता रहा, उनके धर्मस्थल तोड़े जाते रहे ,तब भारत में सेक्युलरिज्म का चोला ओढ़ने वालों ने कभी उन देशों के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाई। जो लोग नागरिकता कानून का विरोध कर रहे हैं, उन्होंने धर्म के आधार पर उत्पीड़न करने वाले देशों के दूतावास पर कभी प्रदर्शन क्यों नहीं किया। करोड़ों शरणार्थियों का धर्म एकतरफ उनके मजहबी देशों में अत्याचार और घृणा का कारण बना और दूसरी तरफ उनके धर्म को भारत में घरेलू राजनीति में वोटबैंक के अनुकूल न पाकर उनके मानवाधिकार की फिक्र नहीं की गई। मोदी सरकार ने नागरिकता कानून में संशोधन कर ऐसे करोड़ों लोगों को न्याय दिया है।
