#BIHAR #INDIA : पटना जिले में 74 हजार 146 लोगों को ही अब सस्ती दर पर राशन कार्ड के जरिये चावल और गेहूं मिलेगा। जिला प्रशासन ने इस आशय का निर्णय लिया है। साथ ही लाभार्थियों की सूची भी जारी कर दी गई है। 56 हजार 629 ऐसे लाभार्थी थे, जिनका पहले से राशन कार्ड बना हुआ था। छानबीन में योग्य नहीं पाए गए, इसीलिए प्रशासन ने उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया है। यह तब हुआ जब खाद्य उपभोक्ता एवं आपूर्ति विभाग के निर्देश पर सभी अनुमंडल पदाधिकारियों ने राशन कार्ड का सत्यापन किया।

गत गुरुवार को नए राशन कार्ड को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई थी, जिसमें प्रत्येक मुद्दे पर चर्चा की गई। जिन लोगों का राशन कार्ड रद्द किया गया है या अयोग्य पाए गए हैं, उनमें ज्यादातर लोग ऐसे थे, जिनका दो जगहों से राशन कार्ड बना हुआ था। कुछ ऐसे लोग थे जो गरीबी रेखा से ऊपर होने के बावजूद सस्ती दर पर चावल और गेहूं ले रहे थे। कई ऐसे लोग थे जो राशनकार्ड बनाने के लिए निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे।
