PATNA : जदयू के मकर संक्रांति भोज में चढ़ेगा सियासी रंग

#BIHAR #INDIA : मकर संक्रांति पर हर साल होने वाले जदयू के भोज पर अबकी सियासी रंग चढ़ा होगा। मौजूदा साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव का वर्ष है, लिहाजा चूड़ा-दही भोज के बहाने होने वाली इस राजनीतिक जुटान में चुनाव के पूर्व की तैयारी, दावे और होड़ भी दिखेगी। प्रदेश जदयू अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा 15 जनवरी को हार्डिंग रोड स्थित आवास पर दिये जाने वाले इस भोज को लेकर तैयारियां शुरू हो गयी हैं। 9 जनवरी की शाम से ही खुद सिंह दिल्ली से पटना आकर भोज की तैयारियों में जुट गये हैं। नाव हादसा होने के कारण एक वर्ष छोड़कर पिछले 22 वर्षों से बशिष्ठ नारायण सिंह यह भोज देते आ रहे हैं।

प्रदेश जदयू अध्यक्ष ने शनिवार को कहा कि केवल सियासी ही नहीं समाज के हर वर्ग के लोग उनके भोज में आएंगे। राजनीति के लोग, समाज के विभिन्न वर्गों, जेपी आंदोलन से जुड़े रहे लोग, छात्र समुदाय समेत वृहत्तर समूह इस आयोजन में जुटेगा। एनडीए की पूरी एका इसमें दिखेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, सरकार के सभी मंत्री, एनडीए के सांसद, विधायक, प्रमुख नेता, कार्यकर्ता तो होंगे ही महागठबंधन में भी जिन नेताओं के घर मकर संक्रांति नहीं मनाया जाता है, उन्हें भी न्योता जा सकता है। वैसे अभी यह तय होना बाकी है कि महागठबंधन के किन-किन नेताओं को आमंत्रण पहुंचेगा। श्री सिंह ने कहा कि चूड़ा-दही तो बहाना है, दरअसल नववर्ष में यह जुटान मेल-जोल, आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भावना का संदेश देता रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.