#PATNA #BIHAR #INDIA : गणतंत्र दिवस पर हाई अलर्ट को लेकर जीआरपी व आरपीएफ पूरी तरह से चौकन्नी हो गई है। रेल एडीजी पंकज दराद के निर्देश पर अति संवेदनशील माने जाने वाले पटना जंक्शन, पटना साहिब, पाटलिपुत्रा, दानापुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को पटना जंक्शन पर जीआरपी रेल थाना प्रभारी रवि प्रकाश सिंह व आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बीके सिंह ने बम व डॉग स्क्वॉयड के साथ सघन चेकिंग कर यात्रियों की तलाशी ली। रेलवे स्टेशनों यह निगरानी 26 जनवरी तक चौबीसों घंटे की जाएगी।

एडीजी ने खुद लिया जायजा
रेल एडीजी खुद दोपहर में पटना जंक्शन पहुंचे। इसके बाद जीआरपी व आरपीएफ के साथ सुरक्षा के बिन्दु पर बैठक कर योजना तैयार की। बाद में जीआरपी व आरपीएफ प्रभारी व जवानों के साथ पटना जंक्शन पर निरीक्षण् शुरू किया। इस दौरान एडीजी ने प्रतीक्षालयों, रिटर्निंग रूम, प्लेटफार्मो, शौचालयों आदि की गहन जांच की। साथ ही सुरक्षा के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

50 अतिरिक्त जवानों की हुई तैनाती
पटना जंक्शन की बढ़ाई गई सुरक्षा के बाद बीएमपी के 50 अतिरिक्त जवानों की तैनाती शुक्रवार से कर दी गई है। देर शाम जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने अतिरिक्त बल के साथ पटना जंक्शन का कोना-कोना खंगाल डाला। बम स्क्वॉयड, डॉग स्क्वॉयड के साथ वाहन स्टैंडों में एंटी सेबोटाज चेकिंग भी की गई।
