मुजफ्फरपुर. सूर्य मंदिर की चर्चा होते ही कोणार्क के ऐतिहासिक मंदिर का नाम आ जाता है। जिले के पारू प्रखंड के सरमस्तपुर गांव में भी ऐसा ही एक सूर्य मंदिर है, जहां छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु जुटते हैं।
यह मंदिर ओडिशा के कोणार्क मंदिर की तर्ज पर ही बनाया गया है। इसका निर्माण 2013 में राजस्थान व ओडिशा के कारीगरों ने ही किया था। मंदिर में लगे सफेद पत्थर और संगमरमर भी वहीं से मंगाए गए थे। कोणार्क मंदिर की तरह इस मंदिर में भी सूर्योदय होने पर सूर्य की पहली किरण मंदिर के गर्भगृह पर पड़ती है।
निर्माण के बाद से ही यह मंदिर जिले के साथ उत्तर बिहार के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन गया। छठ महापर्व में तो यहां मुजफ्फरपुर के सभी हिस्सों समेत वैशाली, चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, छपरा आदि जिलों से व्रती अर्घ्य देने के लिए जुटते हैं। पांच एकड़ में फैले विशाल तालाब के बीचों-बीच मंदिर होने के कारण पर्यटकों एवं व्रतियों को यह खासा आकर्षित करता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए पानी के ऊपर पुल है।
राजा विशाल के समय में पोखर के पास चतुर्मुखी महादेव मंदिर का भी निर्माण कराया गया था। स पूर्व विधायक स्व. नीतीश्वर प्रसाद सिंह ने जब इसका निर्माण कराया था तो उनका सपना इस स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का था। यदि यह पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो जाए तो पूरे क्षेत्र का कायाकल्प हो जाएगा।
पांच एकड़ के विशाल पोखर के बीचों-बीच स्थित है मंदिर कोणार्क के पास के ही पत्थरों और संगमरमर से है निर्मित 7 घोड़े के रथ पर सवार प्रतिमा करीब 10 टन से ऊपर की है पूर्व विधायक स्व. नीतीश्वर प्रसाद सिंह ने कराया था निर्माण।