विधु विनोद चोपड़ा की आगामी फिल्म ‘शिकारा: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कश्मीरी पंडित’ पिछले लंबे वक्त से सुर्खियों में बनी हुई है। ऐसे में अब फिल्म एक बार फिर चर्चा में आ गई है और इस बार वजह है, फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग।

फिल्म ‘शिकारा: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कश्मीरी पंडित’ के खिलाफ जम्मू और कश्मीर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता इफ्तिखार मिसगर, माजिद हैदरी और इरफान हाफिज लोन ने आरोप लगाया है कि फिल्म कश्मीर और कश्मीरी पंडितों के बारे में गलत तथ्यों को दर्शाती है।

बता दें कि फिल्म ‘शिकारा’ 1989 के अंत और 1990 की शुरुआत में कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडित पलायन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ‘शिकारा’ में आदिल खान और सादिया मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज डेट सात फरवरी है। ऐसे में अब एक बड़ा सवाल सामने आ गया है कि क्या फिल्म अपनी तय तारीख पर रिलीज हो पाएगी या फिर कोई कानूनी पेंच फंस सकता है।