अभिनेता रणदीप हुडा हाल ही में डायरेक्टर इम्तियाज अली की फिल्म ‘लव आजकल’ में नजर आए थे। अब जल्द ही वे नेटफ्लिक्स फिल्म ‘एक्सट्रैक्शन’ के जरिए हॉलीवुड में एंट्री लेंगे। फिल्म में उनका फर्स्ट लुक भी सामने आ गया है, जिसमें वे हाथों में गन लिए दिखाई दे रहे हैं।
रणदीप के मुताबिक फिल्म में उन्हें जबरदस्त एक्शन करने का मौका मिला। हालांकि अबतक ज्यादातर फिल्मों में नाटकीय रोल करने की वजह से उन्हें एक्शन करने के लिए काफी मेहनत भी करना पड़ी।

अपने हॉलीवुड डेब्यू के बारे में बात करते हुए रणदीप ने लिखा, ‘मुझे इस फिल्म में बहुत से एक्शन सीन करने को मिले। किसी हॉलीवुड फिल्म में इस तरह की एक्शन से भरपूर भूमिका निभाने वाला मैं शायद पहला भारतीय पुरुष अभिनेता हो सकता हूं। हेम्सवर्थ, रुसो ब्रदर्स और डायरेक्टर सैम हार्ग्रेव के साथ काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा।’
अपने किरदार के बारे में बताते हुए रणदीप ने कहा, ‘स्क्रिप्ट में उसे एक विध्वंसक शख्स के रूप में बताया गया है। जो पहले सेना में काम करता था और फिर ओबी के पिता के लिए काम करने लगा।’ आगे उन्होंने कहा, ‘क्योंकि अबतक ज्यादातर फिल्मों में मैंने नाटकीय रोल ही किए हैं इसलिए फिल्म के एक्शन दृश्यों के लिए मुझे 10 दिनों तक दिन में दो बार अभ्यास करना पड़ा।’
