बॉलीवुड के खिलाडी कुमार यानि अक्षय कुमार की फ़िल्म सूर्यवंशी साल 2020 की मोस्ट अवेटेड फ़िल्मों की लिस्ट में शामिल है और अब इसके ट्रेलर को मिले रिस्पांस से भी इस बात पर मुहर लग गयी है कि सूर्यवंशी का अक्षय के फैंस को किस बेसब्री से इंतज़ार था। 24 घंटों में फ़िल्म के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मिले रिस्पांस से ज़ाहिर होता है कि लोग रिलीज़ होते ही इस पर टूट पड़े थे।

अक्षय कुमार ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। ट्वीट के साथ अक्षय ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें बताया गया है कि ट्रेलर 42 मिलियन यानि 4 करोड़ 20 लाख व्यूज़ का आंकड़ा 24 घंटों में छूने वाला है। अक्षय ने ट्रेलर को ज़बर्दस्त रिस्पांस देने के लिए फैंस का शुक्रिया भी अदा किया है।
सूर्यवंशी का ट्रेलर सोमवार को रिलीज़ किया गया था। इसके लिए मुंबई में एक इवेंट रखा गया था, जिसमें अक्षय कुमार, कटरीना कैफ़ के साथ अजय देवगन और रणवीर सिंह भी शामिल हुए थे।
