बॉलीवुड अदाकारा पूजा भट्ट लगभग दो दशक बाद पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। वह अपने पिता महेश भट्ट के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म ‘सड़क 2’ में खास भूमिका निभाएंगी। उससे पहले उनके चाहने वालों के लिए खुशखबरी ये है कि पूजा एक वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ में भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
इस वेब सीरीज को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के लिए अलंकृता श्रीवास्तव ने निर्देशित किया है। खबरों में यह भी कहा गया है कि इस सीरीज की शूटिंग खत्म हो चुकी है। अब इसके पोस्ट प्रोडक्शन पर काम चल रहा है। इस सीरीज की कहानी पांच शहरी महिलाओं की जिंदगी के बारे में विस्तार से बताती है।

ये महिलाएं अलग अलग उम्र और पीढ़ी की हैं, जो अपनी इच्छाओं, नैतिकता, कमजोरियों और अपने खुद के ड’र से द्वंद करती हैं। सीरीज में पूजा भट्ट के साथ अमृता सुभाष, प्लाबिता बोरठाकुर और शहाना गोस्वामी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। पांचवीं अभिनेत्री का नाम ज्ञात नहीं हो पाया है।
इस ड्रामा सीरीज में राहुल बोस, मनीष चौधरी और ऋतुराज सिंह भी अहम किरदार निभाएंगे। इस शो की कहानी को अलंकृता श्रीवास्तव ने लिखा है और खुद निर्मित भी कर रही हैं।
