11 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन और अदाकारा सोनम कपूर की फिल्म ‘दिल्ली 6’ का गाना ‘मसककली’ सुपरहिट हुआ था। ये गाना एक बार फिर से लाइमलाइट में आ गया है जिसकी वजह इसका रीमेक है। ये गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। ‘मसककली’ के ओरिजनल गाने को ए आर रहमान ने कंपोज किया था।

अब ‘मसककली 2.0’ आते ही ए आर रहमान ने पोस्ट किया जो वायरल हो रहा है। ए आर रहमान के इस पोस्ट से साफ है कि उन्हें ‘मसककली’ गाने का रीमेक बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। ए आर रहमान इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘इसे एन्जॉय करिए। 365 दिनों की मेहनत के बाद इसका म्यूजिक निकाला था। कोई शॉर्टकट नहीं अपनाया। एक गाने को बनाने के पीछे काफी मेहनत लगती है।’

अपने इस पोस्ट में ए आर रहमान ने साफ साफ तो नहीं कहा लेकिन उनका पोस्ट इस ओर इशारा कर रहा है कि वो इस रीमेक से खफा हैं। ‘मसककली’ गाने के रीमेक में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तारा सुतारिया नजर आ रहे हैं। इस गाने को सचेत टंडन और तुलसी कुमार ने गाया है। म्यूजिक को तनिष्क बागची ने रिक्रिएट किया है।
