MUZAFFAPUR : सिटीलाईफ माॅल के पार्किंग से बाईक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

MUZAFFARPUR : मुज़फ़्फ़रपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिठनपुरा मेन रोड स्थित सिटी लाइफ़ मॉल में देर शाम बाईक चोरी की घटना हो गई। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाना की पुलिस जाँच पड़ताल को पहुँची और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाल कर जाँच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पानी टंकी चौक निवासी अमित कुमार मंगलवार की शाम खरीदारी करने अपने कर्मचारी की बाईक से सिटीलाईफ माॅल में पहुँच कर बाईक माॅल के पार्किंग में लगा कर खरीदारी करने गये और लगभग 45 मिनट बाद जब खरीदारी कर बाहर निकले तो देखा उनकी बाईक गायब थी।

माॅल प्रबंधन से शिकायत करने पर माॅल प्रबंधक, माॅल कर्मचारी और गार्ड ने किसी तरह की कोई जिम्मेवारी न लेते हुये अपना पल्ला झाड़ लिया और कहा कि आपलोगों को जो करना है करें, हम कुछ नहीं कर सकते। उनका कहना था कि वाहन पार्किंग की जिम्मेदारी स्वयं वाहन मालिक की होती है, और इस बाबत हमने बोर्ड भी लगा रखा है।

वाहन पार्किंग की जगह हमारी है पर जिम्मेदारी स्वयं ग्राहक की होती है क्योंकि पार्किंग का कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। हालांकि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मिठनपुरा थाना को उपलब्ध करा दिया है जिससे पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

बताया जाता है कि यहां से पिछले कुछ महीनों में एक दर्जन से अधिक बाईक चोरी की घटना घट चुकी है, बावजूद माॅल प्रबंधन की ओर से ग्राहकों के वाहन सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि सिक्यूरिटी के नाम पर गार्ड की तैनाती माॅल के बाहर है।

अमित कुमार ने कहा कि पुलिस को सूचित करने पर मिठनपुरा थाना के पुलिसकर्मी हमलोगों को ही घटनास्थल से भगाते हुये माॅल प्रबंधक का ही पक्ष लेने लगे।

उन्होंने बताया कि चोरी किये गये वाहन का रजिस्ट्रेशन कर्मचारी के पिता राजदेव महतो के नाम से है और बाईक का नम्बर बीआर 06 एपी 2981 है। इस बाबत अमित द्वारा मिठनपुरा थाना में आवेदन दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading