
MUZAFFARPUR : बिहार के चर्चित मुजफ्फरपुर बालिका गृह महापाप मामले में पूर्व मंत्री मंजू वर्मा और मधु के सरेंडर के बाद देर शाम सीबीआई ने एक और गिरफ्तारी की. बच्चियों को नशीला इंजेक्शन देने का आरोपी डॉक्टर अश्विनी कुमार को सीबीआई ने हिरासत में ले लिया. इस घटना के बाद सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार डॉक्टर अश्विनी कुमार और मधु का मेडिकल चेकअप कराया. यह चेकअप मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में हुआ. बता दें कि अश्विनी कुमार को सीबीआई ने जिले के फतेहपुर गांव से गिरफ्तार किया है.

चर्चा यह भी हैं कि गिरफ्तार डॉक्टर मधु का करीबी है. सीबीआई के एक डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी की थी. अश्विनी सेवा संकल्प एवं विकास समिति में टीआई विंग के प्रोजेक्ट से जुड़ा था. वह मधु का भी काफी करीबी था. मधु अक्सर उसकी बाइक के पीछे बैठ कर ही कहीं आती-जाती थी. वह मिठनपुरा थाना क्षेत्र के जेल चौंक का रहने वाला था.

सीबीआई की दबिश के बाद वह उत्तर प्रदेश भाग गया था. अश्विनी सूई देने से लेकर स्लाइन चढ़ाना भी जानता है. बालिका गृह में स्थित मिनी ऑपरेशन रूम से बड़ी संख्या में दवा व इंजेक्शन बरामद किया गया था. सीबीआई की टीम उससे इस संबंध देर रात तक पूछताछ करती रही.
बता दें कि मुजफ्फरपुर महापाप मामले में फरार चल रही मधु अब सबके सामने आ गई है. जिसके बाद सीबीआई की टीम ने उसका मेडिकल चेकअप कराया. खबर है कि मधु को आज सीबीआई कोर्ट के सामने पेश कर सकती है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक सीबीआई मंगलवार से ही मघु से लगातार पूछताछ कर रही है. अब आज उसे कोर्ट के सामने लाया जा सकता है.
