देश में लॉकडाउन लगा हुआ है। इस दौरान किसी के आने-जाने पर प्रतिबंध है। लेकिन जमुई के सिकंदरा के विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी इस दौरान प्रशासन से पास लिए बिना जमुई से पटना पहुंच गए। पटना में उन्होंने अपनी पत्नी के जन्मदिन के अवसर पर लॉकडाउन में जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री भी बांटी।
बताया जाता है कि कांग्रेस विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी की पत्नी का जन्मदिन 22 अप्रैल को था। उस दिन वे सुबह में जमुई में ही थे, लेकिन उसी दिन शाम विधायक को पटना में देखा गया। शाम में वे पटना के किसी चौराहे पर गरीबों के बीच खाद्यान्न बांट रहे थे। बताया जाता है कि जमुई से पटना जाने के लिए उन्हें कोई पास निर्गत नहीं किया गया था। इसके बावजूद जन्मदिन पर खाद्यान्न बांटने पटना पहुंच गए। फिलहाल वे पटना में ही हैं।
गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान किसी को भी बिना पूर्व अनुमति पूसरे शहर, जिला या राज्य में जाने पर प्रतिबंध है। आपात स्थिति में कहीं आना-जाना हो ताे इसके लिए जिला प्रशासन से पास लेना होता है। इसके बाद भी रास्ते भर कई तरह की जांच से गुजरना पड़ता है।

यहां तक कि कुछ लोगों को संदेह के आधार पर क्वारंटाइन भी कर दिया जा रहा है। लेकिन विधायक जी बिना पास जमुई से पटना पहुंच गए। बीच में दो जिलों को क्रॉस करने के बावजूद उन्हें किसी ने नहीं रोका। ऐसे में उनके लॉकडाउन तो’ड़ने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले में विधायक बंटी चौधरी ने सफाई दी। कहा कि पत्नी का जन्मदिन महज संयोग है। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल से विधानसभा को खोल दिया गया है। वहां कई समितियों की बैठकें हो रही हैं। 30 अप्रैल को आवास समिति की भी बैठक होने वाली है। आवास समिति का मेंबर होने के नाते वे बैठक में शामिल होने पटना पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि समिति के चार विधायक मौजूद रहेंगे तो बैठक हो जाएगी।