बीते कुछ दिनों से टिकटॉक और यूट्यूब यूजर्स को लेकर बड़ी बहस चल रही है। हर कोई अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को सबसे अच्छा बता रहा है। बीते दिनों फैजल सिद्दीकी नाम के एक टिकटॉक स्टार की ऐसी वीडियो सामने आई थी जिसमें वो ‘एसिड अटैक’को बढ़ावा दे रहा था।
इस वीडियो के बाद फैजल का अकाउंट बंद कर दिया गया लेकिन लोगों का गु’स्सा सिर्फ इस बात से शांत नहीं हुआ। अब लोग लगातार टिकटॉक एप को रिपोर्ट कर रहे हैं जिससे इसकी रेटिंग गिर रही है। इस बीच अभिनेता मुकेश खन्ना ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मुकेश खन्ना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो कहते हैं, ‘दोस्तों और भी काम है जमाने में टिकटॉक करने के सिवाय। कोरोना की बुरी खबरों के बीच में एक अच्छी खबर आ गई है कि एक और दूसरा चाइनीज वायरस , जिसका नाम टिकटॉक है, वो टिक टॉक टिक टॉक करते हुए हमसे दूर ओझल होता चला जा रहा है। उसकी रेटिंग 4.5 से 1.3 पर आ गई है।’
मुकेश खन्ना आगे कहते हैं, ‘मुझे खुशी है कि मेरी सलाह पर और जो लोग चाहते हैं कि टिकटॉक दूर हो जाए, उन सबकी सलाह पर हम लोग धीरे-धीरे टिकटॉक का बहिष्कार कर रहे हैं और इससे बड़ी और खुशी की खबर नहीं हो सकती। मैं कहना चाहता हूं कि आप चाइनीज प्रोडक्ट की लिस्ट में सबसे पहला नाम टिकटॉक का रखिए, उसे दूर कीजिए और आज के युवा को बिगड़ने से बचाइए।’