मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में आवास की योजनाओं पर विशेष ध्यान दें. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों को जल्द-से- जल्द लाभ दिलाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय योजना के तहत भी लोगों को तेजी से लाभ दिलाएं. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को ग्रामीण विकास विभाग से समीक्षा कर इसका तुरंत पालन कराने को कहा.
मुख्यमंत्री गुरुवार को एक अणे मार्ग स्थित नेक संवाद कक्ष में को’रोना सं’क्रमण की वर्तमान स्थिति को नियंत्रित करने और रोजगार सृजन के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मॉनसून के आगमन की संभावना को देखते हुए बाढ़ निरोधक कार्यों या सुरक्षात्मक कार्यों को तत्काल पूरा करें. बाढ़ संभावित क्षेत्रों में बचाव के लिए जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दें. रोजगार सृजन के कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग करते रहें. श्रम प्रधान योजनाओं को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बची हुई सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करें. ग्रामीण सड़क अनुरक्षण नीति की शर्तो के अनुरूप सड़कों का बेहतर रखरखाव करें. मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत चल रही और शेष बची योजनाओं को जल्द पूरा करें. मुख्य सचिव को ग्रामीण कार्य विभाग से समीक्षा कर इसका अनुपालन कराने को कहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आये श्रमिकों के परिवारों को जीविका स्वयं सहायता समूहों से जल्द जोड़ें, जिससे उन्हें राज्य में चलायी जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी मिलने के साथ-साथ उसका लाभ मिले. जीविका के माध्यम से बिहार की महिलाएं काफी जागृत हुई हैं. उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आत्मनिर्भर हुई हैं. उन्होंने कहा कि सभी लोग स्वस्थ रहें. इसके लिए सभी आवश्यकता कदम उठाये जा रहे हैं.
Input : प्रभात खबर