श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह से एक साथ दो जगहों पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है. पहले मुठभेड़ की बात करें तो यह कुलगाम सेक्टर में चल रही है. कुलगाम के रेडवानी इलाके में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है. यहां दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है. सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने इलाके को खाली करा लिया है. इस मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया है. फिलहाल मारे गये आतंकियों की पहचान नहीं हो पायी है.
शहीद जवान की पहचान प्रकाश यादव के रुप में हुई है.
दूसरे मुठभेड़ की बात करें तो यह पुलवामा के त्राल सेक्टर में जारी है. त्राल के हाफू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलाबारी जारी है जिसमे एक आतंकी के मारे जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि भारतीय सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि कुछ आतंकी दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम सेक्टर में छुपे हुए हैं. सुरक्षाबलों ने जब इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो आतंकियों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गया. खबर लिखे जाने तक दोनों जगह मुठभेड़ जारी है.