भारत में मौजूद तीन सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजॉन प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स और डिज्नी प्लस हॉटस्टार लगातार एक दूसरे से खुद को श्रेष्ठ बनाने में लगे हुए हैं। ज्यादा से ज्यादा सब्सक्राइबर और व्यूअरशिप हासिल करने के लिए ये सभी प्लेटफॉर्म दूसरे से ज्यादा स्थानीय सामग्री के अधिकार खरीदने की कोशिश में लगे हुए हैं। सात फिल्मों के एक साथ अधिकार खरीदने के बाद जैसे ही अमेजॉन प्राइम वीडियो ने इन फिल्मों की घोषणा अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के लिए की, उसके बाद से ही प्राइम वीडियो के सब्सक्राइबर धड़ाधड़ बढ़ने लगे। लेकिन, अचानक से यह सब के लिए अविश्वसनीय रहा जो नेटफ्लिक्स ने किया।
अमेजॉन प्राइम वीडियो ने कुछ समय पहले भारत की विभिन्न भाषाओं की सात फिल्मों के शीर्षक अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के का एलान किया था। वह सात फिल्में पोनमागल वंधाल, पेंगुइन, गुलाबो सिताबो, सुफियुम सुजातायुम, शकुंतला देवी, लॉ और फ्रेंच बिरयानी हैं। इनमें से तीन फिल्में पूरे जोर-शोर से रिलीज हो चुकी हैं जबकि चार फिल्में अभी भी बाकी हैं। रिलीज हुई है इन तीनों फिल्मों का खूब प्रमोशन किया गया लेकिन फिर भी ना तो ठीक से इन्हें समीक्षकों का साथ मिला और ना ही दर्शकों का। लेकिन, इसी बीच नेटफ्लिक्स सिर्फ एक फिल्म ‘कृष्णा एंड हिज लीला’ रिलीज करने के साथ ही तुरंत अग्रणी साबित हो गया।

रविकांत पेरेपु के निर्देशन में बनी यह तेलुगू भाषा की फिल्म बीते बृहस्पतिवार यानी 25 जून को ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। इस फिल्म को समीक्षकों से तो अच्छी प्रतिक्रिया मिली ही है, साथ ही दर्शक भी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म को खूब सराह रहे हैं। इस फिल्म में सिद्धार्थ जोन्नालागड्डा, शालिनी वादनिकट्टी, श्रद्धा श्रीनाथ और सीरत कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कमाल की बात तो यह है कि इस फिल्म को रिलीज करने से पहले नेटफ्लिक्स ने न तो कोई ठीक से प्रमोशन किया और ना ही फिल्म में कोई बहुत बड़े कलाकार हैं। फिर भी यह फिल्म दक्षिण भारतीय सिनेमा के दर्शकों को खूब भा रही है।
यह बात भी गलत नहीं है कि सात अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों के अधिकार खरीद कर अमेजॉन प्राइम वीडियो ने तेजी से सब्सक्राइबर्स बटोरे हैं। इसी की देखा देखी डिज्नी प्लस हॉटस्टार भी कुछ आठ फिल्मों के शीर्षक खरीद कर रिलीज होने की घोषणा करने ही वाला था लेकिन उससे पहले ही अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली। बीते बृहस्पतिवार को इन सभी शीर्षकों में से डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत की अंतिम फिल्म ‘दिल बेचारा’ के रिलीज की घोषणा की है जोकि 24 जुलाई को डिज्नी प्लस हॉटस्टार के प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। प्लेटफॉर्म ने इस फिल्म को सुशांत को श्रद्धांजलि के तौर पर रिलीज करने का फैसला किया है। इसके लिए वह दर्शकों से कोई भी पैसा नहीं लेगा।
input : अमर उजाला