
PATNA : पटना रेंज में एक बार फिर बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग हुई है. रेंज के 11 जिलों में लगभग 10 सालों से जमे 900 के करीब पुलिस अधिकारियों-कर्मियों का ट्रांसफर किया गया है. संबंधित जिलों के एसपी से इन सभी अधिकारियों को 10 दिसंबर तक विरमित करने का भी आदेश जारी हो गया है. यह आदेश पटना रेंज के आईजी नैय्यर हसनैन खान ने आज मंगलवार को दिया है.

मिली जानकारी के अनुसार पूरे पटना जोन में जिन अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ है, उनमें 11 इंस्पेक्टर, 656 एसआई और 172 एएसआई शामिल हैं. इनमें सबसे अधिक ट्रांसफर पटना जिले में ही किये गए हैं. पटना जिले के 211 पुलिस पदाधिकारियों को आईजी ने दूसरे जिले का रास्ता दिखा दिया है. इसमें 1 इंस्पेक्टर, 176 एएसआई और 23 एएसआई शामिल हैं. बता दें कि पुलिस मुख्यालय वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थापित पुलिस कर्मियों को ट्रांसफर कर रहीं है.

इससे पहले मंगलवार 20 नवंबर को सैकड़ों पुलिसकर्मियों का तबादला हुआ था. उनमें मुख्यतः रेल और जिलों में पोस्टेड सिपाही शामिल थे. रेलवे में पदस्थापित बिहार पुलिस के 900 सिपाहियों का तबादला किया गया. इसके अलावा 210 हवलदार भी दूसरी जगह भेजे गये हैं.

बिहार में बीते दिनों कुल मिलाकर दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों का तबादला किया जा चूका है. मालूम हो कि बिहार पुलिस मुख्यालय ने यह कदम पटना में हाल ही में हुए ट्रेनी सिपाहियों के उपद्रव के बाद उठाया है. बताया जा रहा है कि उपद्रव के बाद पुलिस मुख्यालय ने उन पुलिसवालों का तुरंत तबादला करने का मन बना लिया था, जो कई सालों से एक ही जगह जमे हुए हैं.