जवानों ने 11 माह में 120 नक्सली किए ढेर, जिनमें 54 शव बरामद

सुकमा . साकलेर एनकाउंटर में शहीद डीआरजी जवान दिरदो रामा एवं माड़वी जोगा को मंगलवार सुबह 9 बजे पुलिस लाइन में पुलिस व सीआरपीएफ के अफसर व जवानों के अलावा, जिला प्रशासन के अफसर व नगरवासियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

जिसके बाद जवान का पार्थिव शरीर व परिजनों को गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया। यहां शहीद जवानों को अंतिम सलामी दी गई। इस साल नक्सलियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा है। बीते 11 माह में 54 नक्सलियों के शव जवानों ने बरामद किए हैं। एसपी अभिषेक मीना ने बताया कि बीते डेढ़ साल में 70 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं।

40 से ज्यादा एनकाउंटर में 120 नक्सलियों को मार गिराने का दावा उन्होंने किया। एसपी ने बताया कि विभिन्न एनकाउंटर में मारे गए लगभग 50 नक्सलियों के शव को नक्सली अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे। एनकाउंटर में हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है।

अभी तक 4 नक्सलियों की नहीं हुई शिनाख्त : साकलेर एनकाउंटर में मारे गए 5 महिला समेत 8 नक्सलियों में से 4 की शिनाख्त मंगलवार देर शाम तक नहीं हो सकी थी। एसपी अभिषेक मीना ने बताया कि मंगलवार को मारे गए दो नक्सलियों की शिनाख्त सोमड़ी मडक़म कोंटा एरिया कमेटी के सीएनएम इंचार्ज एवं सोमड़ी पालाचलमा एलओएस सदस्य के रुप में की गई। ो दो नक्सलियों की पहचान दण्डकारण्य इंस्ट्रक्टर टीम कमांडर ताती भीमा एवं साउथ बस्तर डिवीजन सीएनएम इंचार्ज पोडिय़ाम राजे के रुप में की गई थी।

विस्फोट से जवान गंभीर : सुकमा | सोमवार व मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे चिंतागुफा थाना क्षेत्र के मिनपा के पास प्रेशर आईईडी से डीआरजी का जवान माड़वी सुक्का गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को चिंतागुफा थाना लाया गया। यहां सीआरपीएफ के कैंप अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार सुबह साढ़े 6 बजे जवान को रायपुर रेफर किया।

आखिरी बार दीवाली पर खुशियां दे गया : कोंटा | सोमवार को सुरक्षा बलों व नक्सलियों के बीच साकलेर के जंगलों में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए जवान जोगा का शव मंगलवार की सुबह उसके गांव मरईगुड़ा पहुंचा। थाना परिसर में जवानों ने शहीद जवान को सलामी दी इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

इसके बाद शव को पुलिस द्वारा जवान के घर ले जाया गया । जहां परिजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण थे। शहीद माड़वी जोगा की पत्नी नंदे व बच्चों को रोता देख पूरा गांव गम में डूब गया। माड़वी जोगा के दोस्तों ने बताया कि वह बहुत ही नेक और मिलनसार था। अपने परिवार से मिलने पिछली बार दीवाली पर घर आया था।

त्योहार के मौके पर घर पहुंचे जोगा ने सभी के साथ बहुत ही खुशनुमा समय बिताया था। उसके बाद विधानसभा चुनाव को देखते हुए वापस अपने कर्तव्य का निर्वहन करने व नक्सलियों से लड़ने किस्टाराम चला गया। माड़वी जोगा सलवा जुडूम के बाद एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) के तौर पर काम करने के बाद वर्ष 2014 में डीआरजी में पदस्थ हुआ।

जुडूम से पहले जोगा व उसका परिवार ग्राम गोंदिगुडां में रहता था। 2006 के सलवा जुडूम के बाद से ही मरईगुड़ा में ही रहने लगे थे । शहीद के तीन भाई में से जोगा सबसे बड़ा है। वही उनके छोटे भाई हिड़मा जो कि गांव मे ही रहकर खेती किसानी का काम करते है उन्होंने बताया कि इस परिवार से एक और चिराग भी नक्सलियों की वजह से ही बुझ गया था।

रेलवे ट्रैक की निगरानी ड्रोन कैमरों से : सुकमा जिले में हुई मुठभेड़ में 9 नक्सलियों के मारे जाने के बाद जवाबी हमले की आशंका को देखते हुए दंतेवाड़ा जिले में फोर्स को सतर्क कर दिया गया है। आम तौर पर नक्सली खुद को हुए ऐसे नुकसान के बाद पलटवार करते हैं, लिहाजा पुलिस ने रेलवे, एनएमडीसी की सुरक्षा पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। इस बार रेलवे ट्रैक की निगरानी में पुलिस ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल कर रही है। नक्सली 2 से 9 दिसंबर तक पीएलजीएस सप्ताह मनाते हैं, लिहाजा इस अवधि में नक्सली वारदातों में बढ़ोत्तरी होती है। पुलिस इसे ध्यान में रखते हुए खासी सतर्कता बरत रही है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.