
PATNA : पटना के कुख्यात अपराधी मुचकुंद पर पुलिस लगातार दबिश बना रही है ताकि वो सरेंडर कर दे। पहले उसके भाई को गिरफ्तार किया गया और अब उसके दाहिना हाथ कहे जानेवाले राहुल को पुलिस ने धर-दबोचा है। राहुल को रूपसपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि मुचकुंद के सभी अवैध धंधों को यही देखता था। खासकर जमीन के मामलों को यह डील करता था। जमीन पर कब्जा करना हो या फिर विवादित जमीन की पंचयती मुचकुंद के इशारे पर ऑन स्पॉट फैसला यही लेता था। कहा जाता है कि जमीन की खरीद-बिक्री से मुचकुंद गिरोह मालामाल हो गया। एसएसपी की मानें तो इसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

राहुल शर्मा की गिरफ्तारी से पहले पटना पुलिस ने कुख्यात मुचकुंद गिरोह के 3 शातिरों को धर-दबोचा था। इसमें एक मुचकुंद का भाई विभास उर्फ सुड्डू भी शामिल था। बाकी दो अपराधियों का नाम कौशलेंद्र और कुणाल था। तीनों अपराधी मुचकुंद की गैर मौजूदगी में रंगदारी वसूलने का काम करते थे। तीनों की गिरफ्तारी नौबतपुर इलाके से हुई थी।

पुलिस मुचकुंद को सरगर्मी से तलाश कर रही है। लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी भी की गयी है लेकिन शातिर मुचकुंद बार-बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहा है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई में उसके गुर्गे जरूर पकड़े जा रहे हैं। अबतक मुचकुंद गिरोह के चार गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं। कुख्यात मुचकुंद उर्फ अभिषेक पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा है।

कुख्यात मुचकुंद के बारे में बताया जाता है कि वो दिनदहाड़े नौबतपुर के बड़े अपराधी लूलन शर्मा को गोलियों से भून डाला था। मौके पर ही लूलन की मौत हो गयी थी। इससे पूरे इलाके में मुचकुंद का दबदबा कायम हो गया। नौबतपुर के एक दवा व्यवसायी दीपू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस वारदात में भी मुचकुंद गिरोह का नाम सामने आया। मुचकुंद को घेरने के लिए ही पुलिस ने उसके घर की कुर्की-जब्ती की थी। मुचकुंद का दबदबा पटना, नौबतपुर, बिहटा, विक्रम, आरा व अन्य इलाकों में भी है।