पटना, जेएनएन। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के तलाक की अर्जी पर आज पटना के फैमिली कोर्ट में सुनवाई होगी। सबसे बड़ी बात है कि तेजप्रताप दिल्ली हाईकोर्ट के जाने-माने वकील के साथ कोर्ट पहुंचेंगे। आज दोपहर दो बजे केस पर सुनवाई होगी और इस दौरान तेज प्रताप को कोर्ट में मौजूद रहना होगा। अगर सुनवाई के दौरान तेज प्रताप कोर्ट में मौजूद नहीं रहते हैं तो उनकी तलाक की अर्जी रद हो सकती है।
ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव फैमिली कोर्ट में अपनी हाजिरी लगाएंगे और साथ ही ऐसी परिस्थिति में अगर ऐश्वर्या भी कोर्ट पहुंचती हैं तो वह भी अपना पक्ष कोर्ट के समक्ष रख सकती हैं। एेसे में दोनों पक्ष की तैयारी क्या है और फैसला क्या होगा? कोर्ट तेजप्रताप की अर्जी सुनवाई के लिए स्वीकार करती है या नहीं, देखना होगा। जानकारों की मानें तो तेज प्रताप को पत्नी एश्वर्या से पीछा छुड़ाना आसान नहीं हैं।
बता दें कि दो नवंबर को अदालती कार्यवाही के दौरान मामले को स्टांप रिपोर्टिंग के लिए भेजा गया था और जानकारी के अनुसार, तलाक की अर्जी का केस नंबर 1208 है। पटना के सिविल कोर्ट स्थित परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश उमा शंकर द्विवेदी के कोर्ट में तेजप्रताप ने तलाक की अर्जी दाखिल है। तेजप्रताप की इस अर्जी में क्रूरता के आधार पर तेजप्रताप यादव ने तलाक मंजूर करने की गुहार कोर्ट से लगाई है।
तेजप्रताप यादव के वकील यशवंत कुमार शर्मा के मुताबिक शादी के बाद दोनों के बीच तालमेल नहीं बैठा जिसके बाद ये नौबत आई है। पिछले 27 दिनों से जारी घटनाक्रम के बीच उन्हें मनाने की पूरी कोशिश की गई लेकिन वो तलाक के अपने अटल फैसले पर कायम हैं। हालांकि परिवारवालों की कोशिशों के बाद माना जा रहा था कि वे मान जाएंगे और तलाक की अर्जी वापस ले लेंगे।