बिहार की बाढ़ में अनोखी शादी, नाव पर दूल्हा नदी में बराती, ऐसे हुई दुल्हन की विदाई…

उफनाई सिकरहना नदी के चलते शादियों में मुश्किल आ रही है। नाव पर बराती पहुंच रहे हैं। दुल्हन की विदाई भी नाव पर हो रही है। सिकटा प्रखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ की तबाही है। लगातार बारिश से सिकरहना का पानी कई गांवों में फैल गया है। प्रखंड की सरगटिया पंचायत के मंगलहिया गांव में आरथ मुखिया की पुत्री माधुरी कुमारी की शादी थी। बरात सिकटा प्रखंड के सुगहाभवानीपुर के लालू मुखिया के यहां से आनी थी। वहीं, पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा के मुडला निवासी गौरीशंकर साह के बेेटे गुड्डू कुमार की बरात सिकटा प्रखंड के सुंदरगांवा निवासी रामानंद साह के यहां आनी।

दोनों दूल्हे बरात के साथ जब गांव से दो किलोमीटर दूर सरगटिया नहर के पास पहुंचे तो सड़क पर छह फुट सिकरहना नदी के बाढ़ का पानी बह रहा था। आने-जाने का मार्ग बंद था। ऐसे में बरात आने की सूचना पर ग्रामीण नाव लेकर पहुंचे और दुल्हे संग उसके स्वजनों को गांव लेकर आए। पंडाल व शादी के मंडप में पानी भरा था। अंतत: किसी तरह ऊंचे स्थान पर शादी हुई। दोनों दुल्हनों की विदाई नाव पर ही हुई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.