नेपाल समेत जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश थमने के बाद भी सिकंदरपुर में बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। सोमवार को स्थिर होने के बाद मंगलवार को बूढ़ी गंडक के जलस्तर में 31 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। बूढ़ी गंडक का जलस्तर सिकंदरपुर में खतरे के निशान से 1 मीटर 40 सेंटीमीटर नीचे 51.13 मीटर पर रहा। इसके कारण अखाड़ाघाट से लेकर लकड़ीढाई तक के मोहल्ले के निचले हिस्सों में सड़क एवं घरों में लगातार पानी फैल रहा है। मंगलवार को इन मोहल्लाें के करीब 50 घरों में पानी प्रवेश करने से लोग पलायन करने लगे हैं। बूढ़ी गंडक का जलस्तर सिकंदरपुर में बढ़ने से शहर के अखाड़ाघाट स्थित झीलनगर, कर्पूरी नगर, आश्रमघाट कुंडल समेत आसपास के मोहल्ले व इसकी करीब 2 दर्जन से अधिक गलियों में पानी फैल रहा है। इससे लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
शहर से सटे बूढ़ी गंडक नदी किनारे की बस्तियों में लगातार पानी भरने से लोग दो साल पहले की तरह दहशत मेंं आ गए हैं। नदी के बढ़ते जलस्तर को देख लोग अपनी झोपड़ियां खाली कर सामान समेत ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं। वहीं, दो मंजिला व पक्के मकान वाले लोग अभी से सारा इंतजाम छतों पर करने लगे हैं ताकि बाढ़ आने पर पानी व रहने की दिक्कत नहीं हो।
बागमती व गंडक नदी अभी खतरे के निशान से नीचे, बड़ी राहत बाढ़ कंट्रोल रूम के अनुसार, गंडक का जलस्तर रेवाघाट में खतरे के निशान से नीचे 53.91 मीटर पर है। वहीं, बागमती के जलस्तर में मामूली वृद्धि हुई। बागमती का जलस्तर कटौझा में खतरे के निशान से 2 मीटर 23 सेंटीमीटर नीचे 53.00 मीटर पर है। बागमती के खतरे के निशान के नीचे होने से अभी लोगों को राहत है। गंडक का जलस्तर साहेबगंज व पारू प्रखंड में लगातार घटने से अब अधिकतर घरों से पानी निकल गया है। मंगलवार को घटते हुए गंडक रेवाघाट में खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गई है।
दिनभर होती रही बादलों की लुकाछिपी, रात आठ बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश, फिर जलजमाव
जिले में मंगलवार की देर शाम से हुई झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में फिर से भारी जलजमाव हो गया। मोतीझील, कल्याणी चौक, स्टेशन रोड, धर्मशाला चौक, क्लब रोड, मिठनपुरा में 24 घंटे के दौरान बारिश नहीं होने से जितनी राहत मिली, उससे ज्यादा पानी जमा एक घंटे की बारिश में हो गई। इस दौरान भारी गर्जना के साथ बिजली चमकती रही। वहीं, हवा की रफ्तार जहां 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जिले में औसत 5 से 10 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार की सुबह से जिला समेत समूचे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
मंगलवार को दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 24.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का तापमान जहां सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं रात का तापमान 0.7 डिग्री कम दर्ज हुआ। जिले में इस माह औसत 164 मिलीमीटर के विरुद्ध 22 जून तक 230 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक पूरे क्षेत्र में बारिश होने की संभावना जताई है।

सर्किट हाउस रोड व दाउदपुर कोठी का नाला ओवरफ्लो, रोड पर पानी
माड़ीपुर स्थित सर्किट हाउस नाला व ब्रह्मपुरा इलाके में दाउदपुर कोठी नाला ओवरफ्लो हाेने से सड़क पर पानी बहने लगा है। सर्किट हाउस परिसर में जलजमाव है। पार्षद एनामुल हक का कहना है, सर्किट हाउस के पास लोहे की ग्रिल लगा दी गई है। इससे नाले की सफाई नहीं हो रही। वहीं, दाउदपुर कोठी में नाला ओवरफ्लो को लेकर लाेगाें का कहना है, इस इलाके में नाला सफाई ठीक से नहीं हुई। इससे नाला ओवरफ्लो हुअा है। वहीं, गन्नीपुर केंद्रीय विद्यालय, धुनिया टोला में दो फीट पानी भरा है।