बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर शहर के सिकंदरपुर में बुधवार को लाल निशान के करीब पहुंच गया। बूढ़ी गंडक के जलस्तर में बुधवार को शहर के सिकंदरपुर में 25 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज हुई। बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर सिकंदरपुर में खतरे के निशान से 1 मीटर 15 सेंटीमीटर नीचे 51.38 मीटर पर है। लेकिन, एक सप्ताह से नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से लोग दहशत में हैं। इससे अखाड़ाघाट स्थित झीलनगर में अफरातफरी का आलम है। घर में पानी घुस जाने से मनोज कुमार, संजय, शंभू, पवन, रेखा देवी, सीताराम, मुकेश कुमार समेत 30 से 35 परिवार बुधवार को झील नगर से पलायन की तैयारी में जुटे रहे।

यही स्थिति चंदवारा से सटे छींट भगवतीपुर गांव व हनुमान नगर इलाके में देखी गई। दोनों ही जगह लोग घर खाली करने में जुटे रहे। बाढ़ की दहशत से लोग घर छोड़ कर चंदवारा स्लुइस गेट से लेकर आश्रम घाट,सिकंदरपुर तक एक दर्जन स्थानों पर प्लास्टिक तान कर अस्थाई झोपड़ी बना रहे हैं। यही स्थिति कर्पूरी नगर से लेकर लकड़ीढाई तक के मोहल्लों की है। इन मोहल्लों की सड़कों पर पानी फैलने के साथ ही लोगों के घरों में पानी घुस रहा है।