हाजीपुर बायपास व मझौली-चोरौत एनएच-527सी के निर्माण की धीमी रफतार पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई है। कहा-आपसी समन्वय से निर्माण में तेजी लाएं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम प्रणव कुमार ने एनएचएआई काे जरूरी दिशानिर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने जिले में लंबित विकासात्मक योजनाओं को पूर्ण करने की दिशा में त्वरित कदम उठाने और निर्धारित अवधि में कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। एनटीपीसी कांटी के महाप्रबंधक ने बताया कि ऐश पाइपलाइन कोरिडोर के अधिकांश भू-धरियों का मुआवजा भुगतान हो चुका है। 4 गांव ऐसे हैं, जहां के भू-धारी मुआवजा भुगतान लेने से इंकार कर रहे हैं। इनकी 16 रैयतों को भुगतान करना शेष है। जिला भू-अर्जन अधिकारी ने बताया कि उन्हें बताया जा रहा है कि मुआवजा न लेने पर राशि भू अर्जन प्राधिकार में जमा करा दी जाएगी।
योजनाओं की बाधा दूर कराने का अफसरों को निर्देश
सामाजिक कार्यकर्ता वरीय अधिवक्ता अरुण कुमार शुक्ल ने वार्ड-7 में रेलवे पानी टंकी, आनंदपुरी- बीबीगंज में कच्चा नाला से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे क्वार्टर का टूटा मलबा कच्चा नाले में अवरोध उत्पन्न कर रहा है। इस संबंध में समाधान की दिशा में उचित कदम उठाने का निर्देश एसडीओ पूर्वी को दिया गया। बैठक में उपस्थित नहीं होने से ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पूर्वी एक व दो एवं पश्चिमी प्रमंडल मुजफ्फरपुर से स्पष्टीकरण पूछने के साथ एक दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही डीएम ने मुजफ्फरपुर-सुगौली रेललाइन के दोहरीकरण, छपरा-मुजफ्फरपुर रेल परियोजना, हाजीपुर-सुगौली रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए इनकी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बुडको से संबंधित योजनाओं, विद्युत विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड इत्यादि विभागों की भी समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. सुनील कुमार झा, अपर समाहर्ता राजेश कुमार, सहायक समाहर्ता श्रेष्ठ अनुपम समेत अन्य उपस्थित थे।