अगर आप पटना में हैं तो अलर्ट हो जाइए और कोरोना की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कीजिए। ऐसा इसलिए कि अनलॉक में कोरोना बैक हो रहा है। अनलॉक में 48 घंटे में 27 से 71 नए मामले आए हैं। 24 घंटे में राज्य में दो मौत हुई और दोनों पटना में हुई है। पटना में एक्टिव मामलों की संख्या भी 48 घंटे में 342 से 377 पहुंच गया है। 24 घंटे में बिहार में 298 नए मामले आए जिससे एक्टिव मामलों की संख्या 2704 हो गई है।
अनलॉक में लापरवाही बढ़ा रही खतरा
अनलॉक के साथ ही पटना में लापरवाही दिखने लगी है। पटना के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा को लेकर कोई सख्ती नहीं है। दुकानों पर सामान्य दिनों की तरह ही भीड़ दिख रही है। पटना के खेतान मार्केट, हथुआ मार्केट, बारी पथ और बाकरगंज में तो कोरोना की गाइडलाइन दोपहर के बाद ही टूटने लगती है। यहां हर दिन भारी भीड़ जमा हो जाती है। न तो धावा दल दिखता है और न ही लोग सुरक्षा को लेकर जागरुक दिखते हैं। प्रशासन भीड़ में सोशल डिस्टेंस का पालन कराने में पूरी तरह से फेल है।

17 दिन बाद मामला बढ़ा
17 दिन बाद पटना में नए संक्रमण का मामला 70 का आंकड़ा पार किया है। 6 जून को पटना में 87 नए मामले आए थे और अब 23 जून को आंकड़ा 71 पहुंच गया है। इस बीच आंकड़ों में कमी आ रही थी, लेकिन अनलॉक में मामला बढ़ने लगा है। 7 जून काे पटना में 67 नए मामले आए और 8 को 65 मामले आए लेकिन इस बीच आंकड़ा 70 के पार नहीं गया। 23 जून को आंकड़ा 71 पहुंच गया तो इसके पीछे कहीं न कहीं कोरोना के प्रोटोकॉल में लापरवाही जिम्मेदार है।