पटना ने लगाई छलांग: राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना टीकाकरण अभियान में अब 10वें से 8वें स्थान पर पहुंचा

राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान में पटना को 8वां स्थान मिला है। इससे पहले 21 जून को जारी सूची में पटना को 10वां स्थान हासिल हुआ था। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर पर जारी सूची में पहले स्थान पर मुंबई है। जबकि, नागपुर और जयपुर को पीछे छोड़ पटना 8वें स्थान पर आ गया है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इसके लिए अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों, कर्मियों और अन्य सहयोगियों की सघन मेहनत से पटना को उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल होने से टीकाकरण कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मियों का उत्साह दोगुना बढ़ गया है। अधिकारी और कर्मियों को आपसी समन्वय स्थापित जल्द से जल्द पटना जिले के लोगों को शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने का टास्क दिया गया है ताकि जिला सबसे पहले कोरोना संक्रमण से मुक्त हो सके। इसके लिए पंचायत और वार्ड को टारगेट कर शतप्रतिशत टीकाकरण कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है।

एक दिन में टीका लगाने में देश का तीसरा जिला बना पटना

देश में मेगा वैक्सीनेशन कैंप के दौरान एक दिन में टीका लगाने के मामले में 80508 लोगों का टीकाकरण करने के साथ पटना देश का टॉप तीन में शामिल हो गया है। मेगा वैक्सीनेशन कैंप के दौरान पुणे में 139086, मुंबई में 86520, पटना में 80508, कोलकाता में 67891, जयपुर में 56299, चेन्नई में 48525, थाणे में 39333, नॉर्थ 24 परगना में 38421, नागपुर में 24043 टीकाकरण हुआ है।

मेदांता में स्पूतनिक वैक्सीन उपलब्ध, 1145 रु. लगेंगे

राज्य की जनता के पास कोरोना टीके के तीन विकल्प उपलब्ध हो गए हैं। कोवैक्सीन और कोविशिल्ड के बाद अब रूसी वैक्सीन स्पूतनिक भी उपलब्ध हो गई है। हालांकि स्पूतनिक अभी सिर्फ जयप्रभा मेदांता में ही उपलब्ध है और इसके लिए सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क भी देना होगा। इसका शुल्क 1145 रुपए है। एक सप्ताह बाद स्पूतनिक वैक्सीन बिग अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल सहित शहर के कुछ और प्राइवेट अस्पतालों में उपलब्ध होगी। कोवैक्सीन और कोविशिल्ड सरकारी चिकित्सकीय संस्थानों में नि:शुल्क उपलब्ध है। मेदांता के एसोसिएट मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रविशंकर सिंह ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग के लिए ऑनस्पॉट टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.