एसटीईटी 2019 का परिणाम जारी होने के बाद शुरू हुआ बवाल शुक्रवार को भी जारी रहा। एसटीईटी में क्वालिफाई करने के बाद भी मेरिट लिस्ट से बाहर किए गए अभ्यर्थियों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और समिति मुख्यालय का गेट तोड़ दिया। एक दिन पहले भी छात्रों ने बिहार बोर्ड के बाहर प्रदर्शन किया था। लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन के बाद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री विजय चौधरी से भेंट की। अभ्यर्थियों के मुताबिक मंत्री ने सोमवार तक नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही। इसमें सभी क्वालिफाइड अभ्यर्थी शामिल किए जाएंगे।
शुक्रवार को आइसा और इनौस के आह्वान पर भोजपुर, गया, नालंदा एवं पटना के शिक्षक अभ्यर्थियों ने बिहार बोर्ड का गेट तोड़ दिया और प्रदर्शन करते हुए अंदर तक पहुंच गए। सुरक्षा गार्ड के साथ धक्कामुक्की भी हुई। अभ्यर्थियों का प्रदर्शन बारिश के बावजूद जारी रहा। पानी में भींगते हुए भी अभ्यर्थी सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ घंटों तक नारेबाजी करते रहे। देर तक हंगामा के बाद जब समिति कार्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों को बाहर निकाल दिया तो भी हंगामा चलता रहा।

आरोप : एसटीईटी 2019 के परिणाम में बड़ा घोटाला
प्रदर्शन में शामिल विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि एसटीईटी 2019 के परिणाम में बड़ा घोटाला सामने आ चुका है। सरकार को इसे अविलंब ठीक करना होगा। कमेटी या सांत्वना का कोई औचित्य नहीं है। शिक्षकों के पद खाली हैं, इसलिए अविलंब सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में जगह मिले और उनकी नियुक्ति की जाए। प्रदर्शन के दौरान मनोज मंजिल ने कहा कि जब नौकरियां अधिक होने के बावजूद कम अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में शामिल किया गया है। हमारी मांग है कि एसटीईटी 2019 में उत्तीर्ण सभी अभ्यर्थियों का नियोजन हो।