उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान: RJD के कई विधायक हमारे संपर्क में, कोई ताकत नीतीश सरकार को नहीं गिरा सकती

जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आज शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हम’ला किया है. साथ ही उन्हें बड़ी चुनौती दी है. उन्होंने दो टूक कहा कि नीतीश सरकार पूरे पांच साल चलेगी. इसे कोई ताकत नहीं गिरा सकती है. जेडीयू के अलावा बीजेपी ने भी तेजस्वी यादव पर सरकार गिराने वाले बयान पर निशाना साधा है.

दरअसल, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कल शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर गए थे. वहां उन्होंने गंगा से हो रहे कटाव का निरीक्षण किया. साथ ही कई क्षेत्रों में विकास नहीं होने पर नीतीश सरकार को दोषी ठहराया. इतना ही नहीं, तेजस्वी ने लोगों से कहा कि चिंता मत कीजिए, दो-तीन माह में नीतीश सरकार गिर जाएगी. तेजस्वी के इसी बयान पर बिहार में सियासत गरम हो गई है. जेडीयू और बीजेपी एक साथ उन पर हमलावर हो गई है.

जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ​उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार अपना पूरा कार्यकाल चलेगी. उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि किसी में ताकत नहीं कि नीतीश सरकार को गिरा दे. उन्होंने तेजस्वी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आरजेडी के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं. दूसरी ओर, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव इन दिनों मुंगेरी लाल हो गए हैं. वे हसीन सपने देख रहे हैं. उनके इस दावे में कोई दम नहीं है.

उधर, बीजेपी के वरीय नेता और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि यह हास्यास्पद बयान है. इससे उनकी बेचैनी का पता चलता है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव में सत्ता की लोलुप्ता इतनी ज्यादा है कि वो इस तरह के बयान देकर अपने आप को सुर्खियों में रख रहे हैं. दरअसल, वे छह माह से राघोपुर नहीं गए थे. जनता के बीच कुछ शगूफा छोड़ना था, सो छोड़ दिए. उनका यह बयान पूरी तरह से बेबुनियाद है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.