कोरोना को मात देने वालों को सता रही नई-नई बीमारी, अस्पतालों में 30% प्रोकोविड के मरीज

कोरोना को हराने वाले अब नई नई बीमारियों के इलाज से हार रहे हैं। अजीबोगरीब बीमारियां लोगों को सता रही हैं। बीमारियां भी ऐसी हैं जो डॉक्टर को भी परेशान कर रही हैं। जबड़े का सूख जाना और खून का फ्लो कम हो जाना आम हो गया है। बिना किसी कारण सर में दर्द तो अलग ही परेशान कर रहा है। कोरोना की दूसरी लहर में जो बीमारियां आई हैं वह नई और अलग तरह की हैं। इस कारण अब पटना AIIMS में पोस्ट कोविड की बीमारियों पर अध्ययन किया जा रहा है।

पटना AIIMS में चल रहा पोस्ट कोविड पर अध्ययन

पटना AIIMS में पोस्ट कोविड काे लेकर विशेष अध्ययन चल रहा है। ट्रामा एंड इमरजेंसी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार बीमारियों पर विशेष रूप से अध्ययन कर रहे हैं। डॉ अनिल का कहना है कि सेकेंड वेव में जो भी पोस्ट कोविड के मामले आ रहे हें वह पहली लहर से काफी अलग है। इस बार कई नई तरह की परेशानी देखने को मिल रही है। कुछ मामले तो पहली लहर में थे लेकिन कई ऐसे मामले हैं जो इस बार एक दम से नए हैं। इसमें सबसे बड़ा मामला धमनियों तक खून का नहीं पहुंचना है।

धमनियों तक खून नहीं पहुंचना कर रहा परेशान

पटना AIIMS के ट्रामा एंड इमरजेंसी के HOD डॉ अनिल का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद ऐसे मामले अधिक आ रहे हैं जिसमें धमनियों तक खून नहीं पहुंचने की समस्या है। इस समस्या के कारण पोस्ट कोविड के मरीजों में हाथ और पैर की उंगलियों में आखिरी प्वाइंट पर खून नहीं पहुंच रहा है जिससे समस्या हो रही है। हाथ पैर की उंगलियों का सही से काम नहीं करना बड़ी समस्या है। ऐसे मरीज भी आ रहे हें जिनके अंदर खून में थक्का की समस्या है।

पोस्ट कोविड के इलाज पर मंथन

पोस्ट कोविड के मामलों को लेकर अध्ययन किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि पोस्ट कोविड के मामले में कई ऐसी बीमारियां सामने आ रही हैं जिसमें मरीजों को इलाज के लिए काफी भटकना पड़ता है। अब पटना AIIMS से लेकर अन्य बड़े अस्पतालों में इस पर काम किया जा रहा है। मेदांता ने भी पोस्ट कोविड के मरीजों की समस्या को लेकर कई विभागों के डॉक्टरों को मिलाकर एक टीम बनाई है।

ऐसे मामले जिसमें बीमारी की पकड़ मुश्किल

पटना के कंकड़बाग की रहने वाली 32 साल की सुनीता का पूरा परिवार कोविड से लड़ाई लड़ा। सब लोग ठीक हो गए 23 जून काे सुनीता की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ठीक एक माह बाद उन्हें परेशानी शुरु हुई। सिर में तेज दर्द होने लगा। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज कराया। ब्लैक फंगस से लेकर सब जांच कराई गई लेकिन बीमारी पकड़ में नहीं आई। डॉक्टर इसे पोस्ट कोविड का मामला बता कर ठीक होने में समय लगने की बात कह रहे हैं। फिलहाल सुनीता का इलाज अब पटना AIIMS में चल रहा है। राजीवनगर के राकेश झ भी पोस्ट कोविड से परेशान हैं। हाथों की उंगलियों का आखिरी प्वाइंट कोई काम ही नहीं कर रहा है। हर समय झनझनाहट होती है जिससे वह कोई काम नहीं कर पाते हैं। PMCH और AIIMS के साथ IGIMS में इलाज करा चुके हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर पोस्ट कोविड का मामला बता रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.