बिहार में सातवें चरण में लगभग 40 हजार हाईस्कूल शिक्षकों की बहाली में एसटीईटी पास 72 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। यानी पद से लगभग दोगुने अभ्यर्थी बहाली में शामिल होंगे। राज्य सरकार ने शनिवार को एसटीईटी 2019 की मेरिट लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों के अलावा क्वालिफाइड अभ्यर्थियों को भी बहाली में शामिल करने का आदेश दे दिया। 15 विभिन्न विषयों के 30675 मेरिट वाले और लगभग 35 हजार क्वालिफाइड अभ्यर्थी हैं। इनके अलावा एसटीईटी 2011 में उत्तीर्ण 16196 में से बचे वैसे अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा, जो छठे चरण में शिक्षक बनने में सफल नहीं हो सकेंगे।
21 जून को बिहार बोर्ड ने एसटीईटी के 12 विषयों में 24599 रिजल्ट जारी कर कहा था इन सबकी नौकरी पक्की है। लेकिन सरकार के ताजा आदेश से इनकी नौकरी पक्की नहीं रह गई है। एसटीईटी 19 के सफल सभी अभ्यर्थियों को समान मौका मिलेगा। एसटीईटी 2011 में उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिनके प्रमाण पत्र की मान्यता जून 2021 में समाप्त हो रही थी, इसकी पात्रता उम्र भर के लिए कर दी गई है। आगामी शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में ये भी पात्र होंगे।
शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने की अनुशंसा
बिहार बोर्ड ने रिजल्ट में मेरिट सूची के सफल के साथ ही क्वालिफाइड बट नॉट इन मेरिट भी दिया। मेरिट वाले अभ्यर्थियों का विषयवार संख्या 30675 बताई गई, पर क्वालिफाइड बट नॉट इन मेरिट की संख्या नहीं बताई गई। मामले ने तूल पकड़ा और हंगामा के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में कमेटी बनाई। कमेटी की अनुशंसा पर अब जितने क्वालिफाइड अभ्यर्थी हैं, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक बनने के लिए पात्र माने गए हैं। क्वालिफाइड अभ्यर्थियों की संख्या लगभग 35 हजार बताई गई है।
ऑनलाइन लिए जाएंगे आवेदन
सातवें चरण की बहाली केंद्रयीकृत तरीके से होगी। अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। एक अभ्यर्थी को कई नियोजन इकाई में आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी। अभ्यर्थियों से नियोजन इकाई की प्राथमिकता ले ली जाएगी, जहां नियुक्त होना चाहते हैं।
शिक्षक नियुक्ति नियमावली से ऐसे बनेगी मेधा सूची
शिक्षक नियुक्ति नियमावली 2020 के प्रावधान के अनुसार हाईस्कूल (कक्षा 9 व 10) शिक्षक के लिए स्नातक और बीएड के अंक के प्रतिशत को जोड़ कर दो से भाग देने पर जो अंक आएगा, वह अभ्यर्थी की मेधा मानी जाएगी। उच्च माध्यमिक स्कूल (11 व 12) के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) और बीएड के अंक प्रतिशत को जोड़ कर 2 से भाग देने पर जो प्रतिशत अंक आएगा, वह अभ्यर्थी की मेधा मानी जाएगी। उच्च माध्यमिक के 50% सीट प्रोन्नति से भरे जाएंगे।
अतिथि शिक्षक को 5 अंकों का वेटेज
उच्च माध्यमिक स्कूलों में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके अभ्यर्थियों को 5 अंकों का वेटेज मिलेगा। भूतपूर्व सैनिक की विधवा को मेधा अंक में 10 अंकों का अतिरिक्ति वेटेज मिलेगा।
एसटीईटी मेरिट लिस्ट की जांच के लिए हाईकोर्ट जाएगा टीईटी शिक्षक संघ
एसटीईटी पास अभ्यर्थियों की मेधा सूची जारी करने में धांधली की जांच की मांग को लेकर टीईटी शिक्षक संघ हाईकोर्ट में केस करेगा और माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक सेवा नियमावली 2020 के आधार पर नियोजन की प्रक्रिया पूरी करने की मांग करेगा। संघ के प्रदेश संयोजक अमित विक्रम ने कहा कि बिहार बोर्ड ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मेधा सूची निकाला है जबकि इसे जारी करने का अधिकार नियोजन इकाइयों को है। जो सफल थे उन्हें लिस्ट से बाहर कर दिया।